लपटों में बुझ 14 जिंदगियां : लखनऊ में बहुमंजिला इमारत बनी आग का गोला, जान बचाने कई ने लगाई छलांग, अग्निकांड में छह जिंदगियां बुझीं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया। एक बहुमंजिला इमारत में अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर धुएं का घना गुबार फैल गया।
ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप, ऊपर गेमिंग जोन था संचालित
शुरुआत में यह जानकारी सामने आई थी कि इमारत में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी संचालित हो रही थी, लेकिन बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इसका खंडन किया। अधिकारियों के अनुसार, इमारत के भूतल पर एक पेट शॉप थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर गेमिंग जोन संचालित किया जा रहा था, जहां कर्मचारी गेमिंग सॉफ्टवेयर से संबंधित कार्य कर रहे थे। आग सबसे पहले इसी हिस्से में तेजी से फैली, जिससे वहां मौजूद लोग घबराकर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जान बचाने के लिए लगाई छलांग, घंटों चला रेस्क्यू
आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि कुछ लोग इमारत के छज्जों तक पहुंच गए। एक व्यक्ति ने अपनी जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग किया। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और पूरी इमारत की तलाशी ली। इसके बाद कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया गया ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच और राहत के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज और हादसे की जांच के आदेश भी दिए। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी प्रशासन से घटना की जानकारी लेकर राहत कार्यों की निगरानी की।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
