बारिश में सड़कों की बदहाली पर प्रदर्शन : अंबिकापुर में सड़कों के गड्ढों से परेशान जनता ने मंत्री के बंगले का किया घेराव, आश्वासन के बाद धरना खत्म

अंबिकापुर। शहर की बदहाल सड़कों को लेकर सामाजिक संगठनों का आक्रोश सामने आया। सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर स्थानीय समाजसेवी संगठनों से जुड़े लोगों ने कैबिनेट मंत्री एवं विधायक राजेश अग्रवाल के सरकारी बंगले का घेराव किया। बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और शहर की सड़कों की तत्काल मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
बारिश में सड़कों की बदहाली पर प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंबिकापुर शहर की कई सड़कें लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं। बारिश के दौरान सड़कों पर जलभराव और गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर सामाजिक संगठनों के लोग मंत्री के बंगले के बाहर पहुंचे और सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी तत्काल सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग पर अड़े रहे। बारिश के बावजूद काफी देर तक नारेबाजी और प्रदर्शन जारी रहा।
मंत्री अंबिकापुर में नहीं थे मौजूद
जिस समय प्रदर्शनकारी मंत्री के सरकारी बंगले का घेराव कर रहे थे, उस समय मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर में मौजूद नहीं थे। वे सूरजपुर में थे। बंगले के घेराव की जानकारी मिलने के बाद मंत्री कुछ देर में अंबिकापुर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से सीधे बातचीत की।मंत्री ने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं और जल्द ही सड़क निर्माण एवं मरम्मत का काम शुरू कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल बारिश रुकने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद सड़कों के काम में तेजी लाई जाएगी।
‘सड़कों की हालत से मैं खुद शर्मिंदा हूं’
सड़कों की स्थिति पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वे खुद शहर की सड़कों की हालत से शर्मिंदा हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब शहर की सड़कों की दशा और दिशा बदलने वाली है। मंत्री के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
प्रदर्शनकारियों को चाय-पानी के साथ खिलाए लड्डू और आलू चाप
प्रदर्शन खत्म होने के दौरान मंत्री ने प्रदर्शनकारियों के लिए चाय-पानी की व्यवस्था कराई। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन के लिए पहुंचे लोगों को लड्डू और आलू चाप भी खिलाया और आंदोलन के लिए पहुंचे प्रदर्शनकारियों का धन्यवाद किया। फिलहाल मंत्री के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया है। अब निगाह इस बात पर है कि बारिश थमने के बाद अंबिकापुर शहर की बदहाल सड़कों के निर्माण और मरम्मत का काम कितनी तेजी से शुरू होता है और लोगों को गड्ढों और खराब सड़कों से कब राहत मिलती है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
