शुक्रवार, 11 सितंबर 202611:49:57 AM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का आरोप : उद्योग, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था को लेकर दीपक बैज का सरकार पर हमला, बोले- जनता त्रस्त

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Sep 10, 2026
11:41 AM
उद्योग, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था को लेकर दीपक बैज का सरकार पर हमला, बोले- जनता त्रस्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने उद्योग, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल नहीं है और सरकार के बड़े-बड़े आयोजनों के बावजूद जमीनी स्तर पर उद्योग जगत की परेशानियां कम नहीं हुई हैं।

महंगी बिजली और नीतिगत अस्थिरता पर सरकार को घेरा

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में महंगी बिजली, कच्चे माल की बढ़ती लागत और नीतिगत अस्थिरता के कारण उद्योग जगत परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधनों का अपेक्षित लाभ स्थानीय उद्योगपतियों को नहीं मिल रहा है, बल्कि कुछ बड़े उद्योग समूहों को प्राथमिकता दी जा रही है। बैज ने कहा कि सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए चाहे महाकुंभ आयोजित करे या बड़े आयोजन करे, लेकिन जब तक उद्योगों की मूल समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक इन आयोजनों का जमीनी फायदा दिखाई नहीं देगा।

बेरोजगारी, खाद और शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। किसानों को खाद की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जबकि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था भी बदहाल स्थिति में है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और कमजोर होती आर्थिक स्थिति के कारण आम जनता परेशान है। बैज ने प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती सहित अन्य अपराधों में कथित बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और इसे कानून व्यवस्था की विफलता बताया।

कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण शिविर

दीपक बैज ने कांग्रेस संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि बस्तर और दुर्ग संभाग के बाद 10, 11 और 12 सितंबर को बिलासपुर संभाग में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके बाद सरगुजा और रायपुर संभाग में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को चुनावी एवं संगठनात्मक गतिविधियों के लिए तैयार करना है।

कम बारिश से किसानों की फसल पर संकट

बैज ने प्रदेश में कम बारिश के कारण किसानों की फसलों पर मंडरा रहे संकट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सरकार से मांग की कि जरूरत के अनुसार बांधों से पानी छोड़ा जाए, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके और फसलों को नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने प्रदेश में नकली और अवैध शराब के कारोबार पर भी चिंता जताते हुए सरकार से इस पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

आत्महत्या की दर को लेकर सरकार से ठोस कदम की मांग

आत्महत्या रोकथाम दिवस के संदर्भ में दीपक बैज ने युवाओं, किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ में आत्महत्या की दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है और युवाओं में यह समस्या गंभीर रूप ले रही है।

बैज ने सरकार से युवाओं, किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि रोजगार, आर्थिक दबाव, कृषि संकट और सामाजिक समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से काम करने की जरूरत है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई से होगा।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें