खरगोन में मातम में बदली शादी की खुशियां : मिलावटी हल्दी ने ली दुल्हन की जान

खरगोन जिले के कसरावद से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। हल्दी की रस्म के दौरान उबटन लगाने के बाद एक दुल्हन की मौत हो गई। जबकि इंदौर और धार में भी हल्दी लगाने के बाद दूल्हे समेत तीन लोग गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। सभी लोगों को इंदौर के एमवाए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हल्दी लगाने के बाद हुई थी गंभीर एलर्जी
कसरावद की राखी को 22 अप्रैल को हल्दी लगाई गई थी। हल्दी लगाने के कुछ ही देर बाद राखी को तेज एलर्जी होने लगी। जिसके वजह से उसे सांस लेने में दिक्कत, चेहरे पर सूजन हो गई। हालत बिगड़ने पर युवती को तुरंत इंदौर के एमवाए अस्पताल में रेफर किया गया, वही हालत में सुधार ना होने पर युवती के परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल लेकर गए। करीब 15 दिन बाद युवती ने दम तोड़ दिया।
हल्दी में इन केमिकल्स की होती है मिलावट
मेटानिल येलो (Metanil Yellow): यह एक सिंथेटिक डाई है जिसे हल्दी को चटकीला पीला बनाने के लिए मिलाया जाता है। यह काफी हानिकारक है और शरीर में कैंसर (Carcinogenic) पैदा कर सकता है।
लेड क्रोमेट (Lead Chromate): यह एक पीला रसायनिक यौगिक है जो हल्दी का रंग गहरा करने के लिए डाला जाता है। यह अत्यधिक विषैला है और इसके सेवन से किडनी, मस्तिष्क और अन्य अंगों को गंभीर नुकसान पहुँच सकता है।
चाक पाउडर और खड़िया मिट्टी: वजन बढ़ाने के लिए अक्सर इसमें चाक डस्ट या पीली मिट्टी मिला दी जाती है।
स्टार्च (Starch): हल्दी की बनावट में सुधार और मिलावट के लिए चावल या मक्का का स्टार्च मिलाया जाता है।
एनिलिन डाई (Aniline Dye): हल्दी के कृत्रिम रंग के लिए इस्तेमाल होने वाला एक और केमिकल है।
मिलावटी हल्दी के लक्षण
सांस लेने में परेशानी
होंठ और चेहरे पर सूजन
शरीर पर लाल चकत्ते
खुजली और जलन
कमजोरी और चक्कर
लो ब्लड प्रेशर
घर पर ऐसे करें मिलावटी हल्दी की पहचान
पानी में हल्दी डालते ही अगर गहरा रंग छोड़े तो मिलावट है
शुद्ध हल्दी हल्का रंग छोड़ती है और खुशबू प्राकृतिक होती है
वही हल्दी पानी में बैठ जाए तो शुद्ध, ऊपर तैरे तो मिलावट
साबुन टेस्ट में अगर रंग लाल हो जाए तो शुद्ध, पीला रहे तो मिलावट
खाद्य सुरक्षा विभाग भी अब इस मामले के बाद अलर्ट मोड पर है। अलग-अलग दुकानों से हल्दी के सैंपल लिए गए हैं और जांच के लिए भोपाल लैब भेजे गए हैं। फिलहाल रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह सामने आ पाएगी।
अभिलाषा कनाडे
खबरी दुनिया की ऑल राउंडर। टीवी जर्नलिज़्म में एक दशक का सफर पूरा कर रही हैं। टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया का प्रगाढ़ अनुभव।
