मंगलवार, 1 सितंबर 202608:27:50 AM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

यूएस ओपन 2026 : लंबे अर्से बाद अल्काराज की धमाकेदार वापसी, स्पेनिस स्टार ने रोमन को दी करारी शिकस्त, वावरिंका की हार ने किया भावुक

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 01, 2026
07:08 AM
लंबे अर्से बाद अल्काराज की धमाकेदार वापसी, स्पेनिस स्टार ने रोमन को दी करारी शिकस्त, वावरिंका की हार ने किया भावुक

न्यूयॉर्क। न्यूयार्क में जारी यूएस ओपन 2026 के दूसरे दिन पुरुष एकल में रोमांच अपने चरम पर रहा। एक के बाद एक हुए कई कड़े मुकाबलों ने टेनिस प्रशंसकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। चोट के कारण करीब 4 महीने तक टेनिस से दूर रहे गत चैंपियन कार्लोस अल्काराज ने यूएस ओपन में अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया। उन्होंने रोमन सफीउलिन को सीधे सेटों में 6-4, 6-4, 6-4 से मात दी। खास बात यह रही की लंबे समय बाद एकल मुकाबला खेलने उतरे स्पेनिश स्टार ने शुरुआत में थोड़ी घबराहट के बावजूद जल्द ही अपनी लय हासिल कर ली।

वहीं तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्टेन वावरिंका का ग्रैंड स्लैम करियर हार के साथ समाप्त हो गया। महिला वर्ग में इगा स्वियातेक, डिफेंडिंग चैंपियन आर्यना सबालेंका और चोट से वापसी कर रहीं झेंग छिनवेन ने भी दूसरे दौर में जगह बनाई। वहीं इस हार के बाद पूर्व यूएस ओपन विजेता स्टेन वावरिंका का ग्रैंड स्लैम सफर हार के साथ थम गया। उन्हें पहले दौर के मुकाबले में मैटेओ बेरेटिनी ने 7-6(4), 7-6(3), 6-0 से शिकस्त दी। वावरिंका ने 2016 में यूएस ओपन ट्रॉफी अपने नाम की थी। वह पहले ही 2026 सीजन के बाद पेशेवर टेनिस से संन्यास लेने का ऐलान कर चुके हैं।

चोट से वापसी, जीत के साथ किया आगाज

कार्लोस अल्काराज की बात करें तो कलाई की चोट के कारण लंबे ब्रेक के बाद कोर्ट पर लौटे स्पेनिस स्टार के सामने मैच से पहले फिटनेस और लय को लेकर कई सवाल थे। हालांकि, सफीउलिन के खिलाफ उन्होंने अपने दमदार फोरहैंड और आक्रामक खेल से इन आशंकाओं को काफी हद तक खत्म कर दिया। इस जीत के साथ उन्होंने लगातार छठी बार यूएस ओपन के दूसरे दौर में जगह बनाई। अब उनका सामना पुर्तगाल के जैमे फारिया से होगा।

शेल्टन ने पलटा मैच, सितसिपास का बड़ा उलटफेर

अमेरिका के शीर्ष खिलाड़ी बेन शेल्टन ने भी शानदार वापसी की। पहला सेट 1-6 से गंवाने के बाद उन्होंने टैलोन ग्रीक्सपूर के खिलाफ लगातार तीन सेट जीतकर 1-6, 6-1, 7-6(3), 6-2 से मुकाबला अपने नाम किया। वहीं, दिन का बड़ा उलटफेर स्टेफानोस सितसिपास ने किया। ग्रीक खिलाड़ी ने 10वीं वरीयता प्राप्त आर्थर फिल्स को एक सेट और एक ब्रेक से पिछड़ने के बाद 4-6, 7-6(3), 6-1, 6-4 से हराया। सितसिपास ने 50 विनर्स लगाए और अब उनका सामना क्वालीफायर लॉयड हैरिस से होगा।

ऑगर-अलियासिमे और नाकाशिमा भी आगे

तीसरी वरीयता प्राप्त फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे ने रिंकी हिजिकाटा को 7-5, 4-6, 6-3, 7-5 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। बारिश के कारण मैच में रुकावट के बावजूद कनाडाई खिलाड़ी ने वापसी के बाद अपनी पकड़ मजबूत रखी। ब्रैंडन नाकाशिमा ने सेबेस्टियन बाएज को महज 89 मिनट में 6-2, 6-1, 6-0 से हराया। वहीं, लर्नर टिएन ने नूनो बोर्गेस को 6-4, 6-1, 6-2 से मात देकर यूएस ओपन में अपनी पहली जीत दर्ज की।

गोर्जनी ने बचाए पांच मैच प्वाइंट

अमेरिकी खिलाड़ी सेबेस्टियन गोर्जनी ने भी यादगार प्रदर्शन किया। 731वीं रैंकिंग वाले गोर्जनी ने लगभग चार घंटे चले मुकाबले में राफेल कॉलिग्नन को 3-6, 6-3, 3-6, 6-3, 7-6(9) से हराया। उन्होंने निर्णायक सेट में पांच मैच प्वाइंट बचाकर मुकाबला अपने नाम किया। यूएस ओपन का यह दौर इस बार खासा प्रतिस्पर्धी नजर आ रहा है, जहां एक तरफ अल्काराज जैसे सितारे चोट के बाद खिताब बचाने की कोशिश में हैं, वहीं अनुभवी खिलाड़ियों की विदाई और युवा सितारों के दमदार प्रदर्शन ने टूर्नामेंट का रोमांच कई गुना बढ़ा दिया है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें