शनिवार, 22 अगस्त 202608:33:18 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

रायपुर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक मामला : 36 घंटे में गिरफ्तारी, प्रोफेसर समेत सभी आरोपी पकड़े गए

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

Aug 22, 2026
08:02 AM
36 घंटे में गिरफ्तारी, प्रोफेसर समेत सभी आरोपी पकड़े गए

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 36 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामले का मुख्य आरोपी जबलपुर निवासी योगेश सोनकेसरिया है, जो दुर्ग जिले के भारती एग्रीकल्चर कॉलेज में वर्ष 2019 से प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है।

उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और प्रश्नपत्र लेने का था जिम्मा

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला ने बताया कि 20 अगस्त को तेलीबांधा थाने में पेपर लीक को लेकर मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी योगेश सोनकेसरिया पिछले करीब एक वर्ष से अपने कॉलेज की उत्तर पुस्तिकाएं रायपुर स्थित कृषि महाविद्यालय में जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त कर उन्हें अपने कॉलेज ले जाने का काम कर रहा था।

घर ले गया कीटशास्त्र का प्रश्नपत्र

पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को आरोपी भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग की उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने के लिए जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय पहुंचा था। उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने के बाद उसने आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त किए और उन्हें अपने कॉलेज ले गया। हालांकि, 20 अगस्त को होने वाली एजीसीएच-221 यानी कीटशास्त्र की परीक्षा का प्रश्नपत्र वह अपने घर ले गया।

लिफाफे में छेद कर बनाया वीडियो

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी ने घर पर प्रश्नपत्र के लिफाफे के साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि उसने सुई या किसी नुकीले उपकरण से लिफाफे में छोटा सा छेद किया और उसी के जरिए मोबाइल कैमरा अंदर डालकर प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद प्रश्नपत्र की सामग्री की नकल तैयार की गई।

11 हजार रुपये में छात्रों को बेचने का आरोप

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने प्रश्नपत्र की सामग्री अपने कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र अजय नायक समेत दो अन्य छात्रों को कथित तौर पर 11 हजार रुपये में बेच दी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है और पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।

सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज

आरोपी योगेश सोनकेसरिया के खिलाफ तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 360/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 की धारा 4, 5 और 10 तथा बीएनएस की धारा 316 के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस कर रही आगे की जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि प्रश्नपत्र लीक करने और उसे छात्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें