दुर्ग : करोड़ों की सड़क निर्माण में गुणवत्ता पर सवाल : आरसीसी नालियों में दरारों ने खोली पोल

रिपोर्टर— लोकेश साहू।
दुर्ग : जेल तिराहा से पुलगांव मिनीमाता चौक तक करोड़ों रुपये की लागत से सड़क निर्माण का कार्य जारी है। निर्माण को लेकर जहां क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क और जल निकासी व्यवस्था की उम्मीद है, वहीं सड़क के साथ बन रही आरसीसी नालियां निर्माण पूरा होने से पहले ही सवालों के घेरे में आ गई हैं।
निर्माण के दौरान ही दिखने लगी खामियां
निर्माणाधीन नालियों की सतह पर कई जगह दरारें नजर आने की बात सामने आई है। कुछ स्थानों पर निर्माण की खामियों को सीमेंट के घोल से ढकने के प्रयास भी दिखाई दे रहे हैं। वहीं नालियों के ऊपर लगाए जा रहे स्लैब में भी कई जगह क्रैक नजर आने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
गुणवत्ता मानकों के पालन पर सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है, तब नालियों में दरारें और अन्य खामियां कैसे सामने आने लगीं? स्थानीय स्तर पर यह आरोप लगाया जा रहा है कि निर्माण के दौरान निर्धारित गुणवत्ता मानकों और तकनीकी मापदंडों का पर्याप्त पालन नहीं किया जा रहा है।
जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी पर भी सवाल
निर्माण कार्य में सामने आ रही खामियों के बीच जिम्मेदार अधिकारियों की मॉनिटरिंग व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। यदि निर्माण स्थल का नियमित और तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है, तो फिर निर्माण के दौरान दिखाई दे रही इन कमियों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई, यह बड़ा सवाल है।
मंत्री की अनुशंसा से हो रहा निर्माण
बताया जा रहा है कि दुर्ग जेल तिराहा से पुलगांव मिनीमाता चौक तक सड़क निर्माण का कार्य छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव की अनुशंसा से करोड़ों रुपये की लागत से कराया जा रहा है। ऐसे में निर्माण कार्य में सामने आ रही कथित अनियमितताएं ठेकेदार के साथ-साथ संबंधित विभाग की निगरानी और गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े करती हैं।
अब जरूरत इस बात की है कि संबंधित विभाग निर्माणाधीन नालियों की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराए और यदि निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन पाया जाता है, तो जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने की भी आवश्यकता है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
