गुरुवार, 27 अगस्त 202608:58:51 AM
Download App
Home/विदेश

सहवाग के तूफान और द्रविड़ की दीवार की अगली पीढ़ी तैयार : अंडर-19 टीम में आर्यवीर और अन्वय को मिला मौका, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिखेगा दम

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 27, 2026
07:28 AM
अंडर-19 टीम में आर्यवीर और अन्वय को मिला मौका, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिखेगा दम

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के भारत दौरे से पहले भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड ने अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है। तीन एकदिवसीय और दो बहुदिवसीय मुकाबलों के लिए अलग-अलग टीम चुनी गई है। खास बात यह है कि अब भारतीय क्रिकेट के दो महान बल्लेबाजों की विरासत अब अगली पीढ़ी तक पहुंचती नजर आ रही है। दरअसल वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को एकदिवसीय टीम में शामिल कर लिया गया है।

पहली बार भारतीय अंडर-19 टीम में आर्यवीर

आर्यवीर सहवाग के लिए यह चयन बेहद खास है। उन्हें पहली बार भारत की अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है। दाएं हाथ के बल्लेबाज आर्यवीर ने घरेलू क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से लगातार पहचान बनाई है। उनके खेल में बड़े शॉट लगाने की क्षमता दिखाई देती है, जिसकी तुलना अक्सर उनके पिता वीरेंद्र सहवाग के अंदाज से की जाती है।

आर्यवीर ने 2024 की कूच बिहार ट्रॉफी में मेघालय के खिलाफ 297 रनों की शानदार पारी खेलकर सभी का ध्यान खींचा था। इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन को लगातार बेहतर किया। हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग में भी वह वेस्ट दिल्ली लॉयन्स की ओर से खेलते नजर आए। अब घरेलू क्रिकेट में किए गए प्रदर्शन का इनाम उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम में चयन के रूप में मिला है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला उनके लिए खुद को साबित करने का बड़ा अवसर होगी।

अन्वय द्रविड़ पर भी रहेंगी निगाहें

राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भी भारतीय अंडर-19 एकदिवसीय टीम में शामिल किया गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय ने जुलाई में भारत की अंडर-19 टीम के श्रीलंका दौरे के दौरान शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने वहां 87 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी।

उनके इस प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा कायम रखा है। अब ऑस्ट्रेलिया की मजबूत युवा टीम के खिलाफ अन्वय के प्रदर्शन पर भी क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहेगी। हालांकि आर्यवीर और अन्वय दोनों को बहुदिवसीय टीम में जगह नहीं मिली है। यानी दोनों युवा खिलाड़ी इस दौरे पर केवल एकदिवसीय मुकाबलों में ही नजर आएंगे।

लक्ष्य रायचंदानी संभालेंगे कप्तानी

ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के खिलाफ तीन एकदिवसीय मुकाबलों के लिए लक्ष्य रायचंदानी को कप्तान बनाया गया है, जबकि यशबर्धन चैहान उपकप्तान होंगे। बहुदिवसीय मुकाबलों में यशबर्धन चैहान कप्तान और लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।

एकदिवसीय टीम में लक्ष्य रायचंदानी, यशबर्धन चैहान, रजत बघेल, आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चैहान, अन्वय द्रविड़, वी. यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकटा और काव्या पटेल को शामिल किया गया है।

राजकोट में होगी पहली टक्कर

ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के खिलाफ तीनों एकदिवसीय मुकाबले राजकोट में खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 18 सितंबर, दूसरा 21 सितंबर और तीसरा 23 सितंबर को होगा। तीनों मुकाबले सुबह 9 बजे शुरू होंगे। इसके बाद 27 से 30 सितंबर तक पहला बहुदिवसीय मुकाबला राजकोट में खेला जाएगा। दूसरा बहुदिवसीय मुकाबला 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड में होगा। दोनों मुकाबले सुबह 9रू30 बजे शुरू होंगे।

पिता की पहचान से आगे निकलने की चुनौती

आर्यवीर और अन्वय के नाम के साथ भारतीय क्रिकेट के दो महान खिलाड़ियों की पहचान जुड़ी हुई है। ऐसे में मैदान पर उनके प्रदर्शन की तुलना उनके पिता से होना स्वाभाविक है। लेकिन दोनों युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी अलग पहचान बनाने की होगी।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली यह श्रृंखला उनके लिए केवल चयन का मौका नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट में अपना भविष्य मजबूत करने की पहली बड़ी सीढ़ी भी होगी। राजकोट में जब दोनों युवा मैदान पर उतरेंगे, तब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें सिर्फ उनके नाम पर नहीं, बल्कि उनके बल्ले से निकलने वाले प्रदर्शन पर भी होंगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें