मंगलवार, 28 जुलाई 202611:49:50 AM
Download App
Home/देश

98 % प्लेसमेंट : रोजगार का आधुनिक माॅडल बनकर उभरा भोपाल का ग्लोबल स्किल्स पार्क, विदेशी नौकरियों तक पहुंचे मप्र के युवा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 28, 2026
10:00 AM
रोजगार का आधुनिक माॅडल बनकर उभरा भोपाल का ग्लोबल स्किल्स पार्क, विदेशी नौकरियों तक पहुंचे मप्र के युवा

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित संत शिरोमणि ग्लोबल स्किल्स पार्क अब केवल एक प्रशिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि रोजगार और आधुनिक कौशल विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनकर उभरा है। उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किए गए पाठ्यक्रम, अत्याधुनिक तकनीक और व्यवहारिक प्रशिक्षण के दम पर संस्थान ने रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का करीब 98 प्रतिशत प्लेसमेंट हुआ है, जबकि 34 युवाओं को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार मिला है। बढ़ती उपलब्धियों को देखते हुए संस्थान आने वाले वर्षों में अपनी प्रशिक्षण क्षमता दोगुनी करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

देशभर के युवाओं की पसंद बन रहा संस्थान

ग्लोबल स्किल्स पार्क में अब केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के 13 राज्यों के विद्यार्थी प्रशिक्षण ले रहे हैं। वर्तमान में लगभग 80 प्रतिशत प्रशिक्षु आईटीआई और 20 प्रतिशत पॉलिटेक्निक व इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से हैं। वर्ष 2025 में संस्थान ने 2,000 युवाओं को प्रशिक्षण और प्रमाणन दिया, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या 3,000 तक पहुंचने का अनुमान है। अगले दो वर्षों में प्रतिवर्ष 6,000 युवाओं को प्रशिक्षण और सर्टिफिकेशन देने का लक्ष्य तय किया गया है।

विश्वस्तरीय तकनीक से तैयार हो रहे उद्योगों के विशेषज्ञ

संस्थान में वर्ष 2024 से सिंगापुर की आईटीई एजुकेशन सर्विसेज के सहयोग से नौ अत्याधुनिक लॉन्ग टर्म कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। इनमें मेक्ट्रोनिक्स, रोबोटिक्स, सीएनसी इंजीनियरिंग और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में एक वर्षीय प्रशिक्षण दिया जाता है। विद्यार्थियों को आधुनिक मशीनों पर व्यावहारिक अभ्यास कराया जाता है ताकि वे सीधे उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करने के लिए तैयार हो सकें।

उद्योगों का बढ़ता भरोसा बना सफलता की कुंजी

संस्थान की गुणवत्ता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि देश की कई बड़ी कंपनियों ने अपने कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए इसी संस्थान को चुना है। वर्ष 2025 में रिलायंस इंडस्ट्रीज, जेबीएम ग्रुप, एसआरएफ लिमिटेड, ट्राइडेंट ग्रुप और फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (थ्।क्।) ने अपने कर्मचारियों को यहां प्रशिक्षित कराया। ट्राइडेंट ग्रुप ने अपने तकनीकी कर्मचारियों का मूल्यांकन भी इसी संस्थान में कराया। इससे संस्थान और उद्योगों के बीच मजबूत साझेदारी विकसित हुई है।

महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी

तकनीकी शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले वर्ष की तुलना में लॉन्ग टर्म कोर्स में छात्राओं की संख्या में करीब 4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। गर्ल्स हॉस्टल पूरी क्षमता से शुरू होने के बाद इसमें और तेजी आने की उम्मीद है। साथ ही ग्लोबल स्किल्स पार्क प्रदेश की 10 संभागीय आईटीआई के लिए हब इंस्टीट्यूट के रूप में प्रशिक्षण, ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग और प्लेसमेंट सहायता भी उपलब्ध करा रहा है।

राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान

संस्थान की कार्यप्रणाली अब अन्य राज्यों और देशों के लिए भी अध्ययन का विषय बन चुकी है। राजस्थान, गुजरात, उत्तरप्रदेश, असम, मेघालय और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों के प्रतिनिधिमंडल यहां की प्रशिक्षण व्यवस्था का अध्ययन कर चुके हैं। वहीं इथियोपिया, फिलीपींस और दक्षिण कोरिया के प्रतिनिधियों ने भी संस्थान का दौरा किया है। एशियन डेवलपमेंट बैंक (।क्ठ), कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और एनसीवीईटी के अधिकारियों ने भी यहां की व्यवस्थाओं की सराहना की है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें