Brazil : ब्राजील में बड़ा हादसा: विशाल क्रेन से टकराई ड्राइवरलेस ट्रेन, सड़क पर गिरा मलबा

ब्राजील के साओ पाउलो से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विशाल निर्माण क्रेन के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर गिर जाने से ऑटोमेटेड यानी ड्राइवरलेस ट्रेन उसकी चपेट में आ गई। ट्रेन क्रेन से टकरा गई, जिसके बाद मलबा नीचे व्यस्त सड़क पर जा गिरा। इस घटना के दृश्य बेहद चौंकाने वाले हैं।
जानकारी के मुताबिक, रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजर रही ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही एक बड़ी क्रेन रेलवे ट्रैक पर गिर गई। ट्रेन को संभलने का मौका मिलने से पहले ही वह क्रेन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मलबा नीचे सड़क पर गिरने लगा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
राहत की बात, सभी यात्री सुरक्षित
इस हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए। हालांकि, क्रेन ऑपरेटर के घायल होने की खबर है। घटना के बाद हादसे के कारणों और परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
यह घटना रेलवे परिचालन और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों की अहमियत को एक बार फिर सामने लाती है। खासकर ऐसे स्थानों पर, जहां ऊंचाई पर रेलवे ट्रैक और नीचे व्यस्त सड़क हो, वहां निर्माण कार्य के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
