हिमांशु भाऊ : अमेरिका में धराया हरियाणा का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर, साथी नीरज भी पकड़ाया, भारतीय एजेंसिया अलर्ट, निर्वासन के जरिए देश लाने की तैयारी

वाशिंगटन। हरियाणा का मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। साथ में गैंग से जुड़े नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (आईसीई ) ने हिरासत में रखा है। दोनों के पकड़े जाने की खबर के बाद भारतीय जांच एजेंसियों की नजर उनके इमिग्रेशन मामलों पर टिक गई है। हिमांशु भाऊ के ऊपर यूट्यूबर और बिग बॉस विनर एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग करने का आरोप है। उसे नीरज बवाना गैंग का करीबी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग कट्टर विरोधी बताया जाता है।
हरियाणा से लेकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक हिमांशु भाऊ और उसके साथियों के खिलाफ हत्या, अपहरण और जबरन वसूली जैसे कई मामले दर्ज हैं। मूल रूप से रोहतक के रिटौली गांव निवासी हिमांशु हरियाणा और दिल्ली पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।
हेंडरसन डिटेंशन सेंटर में रखे गए दोनों आरोपी
अमेरिकी सरकार के ऑनलाइन बंदी लोकेटर में शुक्रवार रात हिमांशु सिगरोहा और नीरज कौशिक नाम के दो भारतीय मूल के लोगों की जानकारी सामने आई। दोनों नेवादा के हेंडरसन स्थित डिटेंशन सेंटर में आईसीई की हिरासत में दर्ज थे। यह केंद्र लास वेगास के बाहर स्थित है। उनके मामलों को आईसीई के एनफोर्समेंट एंड रिमूवल ऑपरेशंस (ईआरओ ) का लास वेगास कार्यालय देख रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, ये दोनों नाम कथित तौर पर हिमांशु भाऊ और उसके साथी नीरज फरीदपुरिया से जुड़े हैं। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों की हिरासत इमिग्रेशन मामले से संबंधित है। अमेरिका में उनके खिलाफ किसी आपराधिक मामले की सार्वजनिक पुष्टि नहीं हुई है। आईसीई और एफबीआई की ओर से भी गिरफ्तारी पर कोई विस्तृत सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।
हत्या और रंगदारी समेत 18 मामलों में वांटेड
हिमांशु भाऊ का असली नाम हिमांशु रिटोलिया बताया जाता है। वह हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है। उसके खिलाफ अगस्त 2023 से इंटरपोल का रेड नोटिस जारी है। भारत में वह हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, धमकी और जालसाजी समेत 18 मामलों में वांटेड है।
रिपोर्ट के मुताबिक, उसे लास वेगास में ट्रैक करने के बाद गुरुवार, 22 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया। भारतीय अधिकारी उसकी वापसी की प्रक्रिया तेज करने के प्रयास में जुटे हैं। इसके लिए अधिकारियों की एक टीम अमेरिका भेजे जाने की संभावना भी जताई गई है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
