तेंदूपत्ता संग्राहकों को 22.89 करोड़ का बोनस : शहडोल में खुलेंगी नई स्टील फैक्ट्री और निजी विश्वविद्यालय, मुख्यमंत्री ने दी 462 करोड़ की सौगात

शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहडोल में तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2024 के 9 लाख 77 हजार 696 पात्र संग्राहकों को 22 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरित की। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण लाखों वनवासी परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। सरकार का लक्ष्य है कि मेहनतकश परिवारों को उनके अधिकारों का लाभ समय पर मिले और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो। कार्यक्रम में शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सतना और सीधी जिलों के हजारों वनोपज संग्राहक शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 462 करोड़ रुपये की लागत के 134 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
शहडोल को खेल परिसर और गीता भवन की सौगात
मुख्यमंत्री ने शहडोल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इंडोर खेल परिसर और गीता भवन बनाने की घोषणा की। निजी निवेश एवं सहभागिता से यहां नया निजी विश्वविद्यालय भी खोला जाएगा। उन्होंने शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग से गोहपारू स्थित महाविद्यालय और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र तक सड़क निर्माण कराने की बात कही। उमरिया जिले में भी एक नई सड़क बनाई जाएगी। शहडोल में 22.14 करोड़ रुपये से बने वन मंडलाधिकारी कार्यालय का लोकार्पण किया गया।
हाथियों से टूटे मकानों की जगह बनेंगे पक्के घर
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जंगली हाथियों के उत्पात से जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें वन विभाग पक्के मकान बनाकर देगा। नए घरों में सुरक्षा के लिए घेराबंदी भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि शहडोल में प्रस्तावित लौह अयस्क संयंत्र से 4,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। भविष्य में यहां वन्यप्राणी उद्यान एवं बचाव केंद्र भी विकसित किया जाएगा।
जनजातीय विद्यार्थियों को 12 महीने छात्रवृत्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र जनजातीय विद्यार्थियों को अब 10 महीने के बजाय पूरे 12 महीने छात्रवृत्ति दी जाएगी। इससे उन्हें पूरे वर्ष पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को लैपटॉप और मेधावी छात्रों को विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्कूटी देने जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। शहडोल में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से 34 उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवनों के निर्माण और जनजातीय कन्या छात्रावासों से जुड़ी गतिविधियों का भी उल्लेख किया गया।
किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस, किसानों को भावांतर भुगतान और किसान सम्मान निधि तथा लाड़ली बहनों को आर्थिक सहायता देकर सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि धान बेचने के लिए पंजीयन से वंचित किसानों की सुविधा के लिए पंजीयन पोर्टल फिर से खोला गया है। शहडोल के फुटबॉल प्रसिद्ध विचारपुर गांव में 5.10 करोड़ रुपये से खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
