रविवार, 25 अक्टूबर 202607:26:55 PM
Download App
Home/देश

बेकाबू कार ने तीन लोगों को कुचला : देवास में दर्दनाक हादसा, पेड़ से टकराकर रुकी गाड़ी; पिकनिक मनाने जा रहे थे कार सवार

admin

admin

Oct 25, 2026
05:09 PM
देवास में दर्दनाक हादसा, पेड़ से टकराकर रुकी गाड़ी; पिकनिक मनाने जा रहे थे कार सवार

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। उदयनगर थाना क्षेत्र के डाड गांव के पास अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं और घर के बाहर कुर्सी पर बैठे बुजुर्ग को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौत हो गई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे लगे तीन से चार खंभों को क्षतिग्रस्त करते हुए एक पेड़ से जा भिड़ी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। कार अचानक बेकाबू हो गई और सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं को टक्कर मारी। इसके बाद वाहन घर के बाहर धूप सेंक रहे 80 वर्षीय शंकर को कुचलते हुए आगे बढ़ा और पेड़ से टकराकर रुक गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी महिला और बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई।

इंदौर से पिकनिक मनाने जा रहे थे कार सवार

मृतकों की पहचान 80 वर्षीय शंकर, 40 वर्षीय मनीबाई और 45 वर्षीय जमुनाबाई के रूप में हुई है। तीनों देव्नालिया-जुनापानी क्षेत्र के निवासी थे। बताया गया है कि कार इंदौर के रेस कोर्स रोड क्षेत्र से उदयनगर की ओर जा रही थी। वाहन में खाना पकाने के बर्तन भी मिले हैं। इससे कार सवारों के पिकनिक मनाने जाने की बात सामने आई है।

घायल चालक हिरासत में, जांच जारी

हादसे में कार चालक धर्मेंद्र जैन भी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने चिकित्सकीय जांच के बाद उसे हिरासत में ले लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एचएस बाथम के अनुसार, बागली स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। कार अनियंत्रित होने की वजह और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें