सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले 4 कोचिंग सील : भिलाई में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

दुर्ग/भिलाई। राजधानी दिल्ली में कोचिंग सेंटर हादसे के बाद देशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज हो गई है। इसी क्रम में दुर्ग जिला प्रशासन ने भिलाई में नियमों का पालन नहीं करने वाले कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चार कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया।
जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान कई कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां पाईं। इसके बाद कार्रवाई करते हुए मोशन, वेदान्तु, रामा और सीएजी (CAG) कोचिंग सेंटर को सील कर दिया गया। इन संस्थानों में बड़ी संख्या में छात्र अध्ययन कर रहे थे, लेकिन आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित कोचिंग संचालकों को पहले भी नोटिस जारी कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके निर्धारित समय में आवश्यक सुधार नहीं किए गए। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की।
प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं कार्रवाई के बाद कोचिंग संचालकों ने जल्द से जल्द सभी कमियों को दूर कर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही है।
जिला सेनानी एवं कमांडेंट नागेंद्र सिंह ने बताया कि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कोचिंग सेंटरों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
