Chhattisgarh Morning Update : दिल्ली में CM साय की अहम मुलाकातें, महिला कांग्रेस की बैठक आज, प्रदेश में झमाझम बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासन और मौसम से जुड़ी कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आज चर्चा में हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे का दूसरा दिन है, वहीं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा राजधानी रायपुर पहुंच रही हैं। दूसरी ओर मानसूनी गतिविधियां पूरे प्रदेश में सक्रिय बनी हुई हैं।
दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मिलेंगे CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने दिल्ली प्रवास के दूसरे दिन कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान राज्य के विकास कार्यों, केंद्र प्रायोजित योजनाओं और विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर बाद दिल्ली से रायपुर लौटेंगे।
रायपुर में महिला कांग्रेस की अहम बैठक
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी। राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में वह महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगी। बैठक में संगठन को मजबूत करने की रणनीति, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और महंगाई समेत विभिन्न जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की तैयारी पर चर्चा हो सकती है।
प्रदेश में सक्रिय मानसून, कई जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई है। दंतेवाड़ा और रायगढ़ जिले के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
