Pithampur Blast : पीथमपुर की रामकी एनवायरो कंपनी में ब्लास्ट, 3 जोरदार धमाके से सहमे लोग

Pithampur Blast: मध्यप्रदेश के धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सेक्टर नंबर 2 स्थित रामकी एनवायरो कंपनी में एक के बाद एक तीन जोरदार धमाके हुए. इन धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कंपनी के पास स्थित तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों में झटके महसूस किए गए. कई घरों में रखे बर्तन और टेलीविजन तक अपने स्थान से गिर गए. डर के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकल आए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है, जो राहत की बात है. नगर पुलिस अधीक्षक रवि सोनेर ने बताया कि कंपनी में विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर मौजूद है और धमाकों के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
उल्लेखनीय है कि रामकी एनवायरो कंपनी पहले भी विवादों में रह चुकी है. कचरा प्रबंधन और निपटान का कार्य करने वाली इस कंपनी को लेकर पहले भी सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े सवाल उठते रहे हैं. ऐसे में ताजा धमाकों ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है. स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है. उनका कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं.
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
