बस चालक Vs ऑटो चालक विवाद : बलौदाबाजार में बस चालकों की हड़ताल, मारपीट के विरोध में थमे पहिए; दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Balodabazar News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार बस स्टैंड में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बस वाहन चालक-परिचालक संघ ने अचानक बसों का संचालन बंद कर दिया। सभी बसों को बस स्टैंड में खड़ा कर चालक-परिचालक आंदोलन पर बैठ गए। बसों के अचानक थम जाने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सवारी बैठाने को लेकर विवाद, बस चालक से मारपीट
जानकारी के मुताबिक, सुबह राधेश्याम बस सर्विस के चालक राधेलाल बांधे के साथ ऑटो चालक ने सवारी बैठाने को लेकर कथित तौर पर मारपीट कर दी। मारपीट में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से काफी खून बहने लगा। साथी चालक उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
घटना के बाद बसों का संचालन बंद
घटना की जानकारी मिलने के बाद बस चालक और परिचालक आक्रोशित हो गए। संघ ने एकजुट होकर बसों का संचालन बंद कर दिया और बस स्टैंड में ही आंदोलन शुरू कर दिया।
बस चालक-परिचालकों का आरोप है कि ऑटो चालकों की मनमानी के कारण आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। उनका कहना है कि यात्रियों को बैठाने को लेकर ऑटो और बस चालकों के बीच विवाद की स्थिति बनती है।
दोषियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग
बस चालक संघ ने मांग की है कि मारपीट की घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। चालकों का कहना है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक बसों का संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा बस चालकों ने ऑटो चालकों को बस स्टैंड के अंदर प्रवेश नहीं देने और उनके लिए अलग से ऑटो स्टैंड बनाए जाने की मांग भी रखी है।

मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी
घटना और बसों की हड़ताल की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस, आरटीओ अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बस चालक-परिचालकों से बातचीत कर मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हालांकि, बस चालक-परिचालक संघ अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक बसों का संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।
यात्रियों की बढ़ी परेशानी
बसों का संचालन अचानक बंद होने से बलौदाबाजार बस स्टैंड पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रोजाना बसों से सफर करने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।अब पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के बाद ही बसों का संचालन दोबारा शुरू होने की स्थिति साफ हो पाएगी।
स्थान: बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर: अशोक टण्डन
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
