चोरी के सामान का कबाड़ी कनेक्शन : दुर्ग जिले के समोदा में गोदाम में चोरी और कबाड़ी कनेक्शन: 98 हजार की सामग्री चोरी, 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में गोदाम से निर्माण सामग्री चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जेवरा सिरसा पुलिस ने करीब 98 हजार रुपये की निर्माण सामग्री चोरी के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में चोरी के सामान को कबाड़ी के पास बेचकर ठिकाने लगाने की बात सामने आई है। मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं, 3 विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है।
रात में गोदाम में घुसे थे आरोपी
मामला 28 सितंबर की रात का है। ग्राम समोदा नदी रोड स्थित एक गोदाम में सिविल ठेकेदारी से जुड़ी निर्माण सामग्री रखी हुई थी। गोदाम मालिक विमल कुमार ताम्रकार को रात के समय वहां संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे, जहां कुछ लोग गोदाम से सामान चोरी करते दिखाई दिए। विमल कुमार ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान एक आरोपी ने लोहे के पाइप से उनके पैर पर हमला कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी चोरी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए।

98 हजार की सामग्री चोरी
घटना की शिकायत मिलने के बाद जेवरा सिरसा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की गई सामग्री बरामद की है।बरामद सामान में 7.5 एचपी मोटर पंप, कांक्रीट वाइब्रेटर, हाइड्रोलिक जैक, एल्युमिनियम केबल, लोहे का स्क्रैप समेत अन्य निर्माण सामग्री शामिल है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी जब्त किया है।
चोरी के सामान का कबाड़ी कनेक्शन
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की निर्माण सामग्री को ठिकाने लगाने के लिए उसे कबाड़ी के पास बेचने की कोशिश की थी। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह मामले में चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है।
दो आरोपी अभी भी फरार
पुलिस के मुताबिक मामले में वासु निषाद और गिरवर यादव घटना के बाद से फरार हैं। दोनों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। मामले में 3 विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है। ASP मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की सामग्री बरामद कर ली है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।

नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
