सीएम मोहन का बैतूल को 443 करोड़ का तोहफा : 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ का बोनस, एक लाख युवाओं को नौकरी का ऐलान

बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार 'सच्चा वादा-पक्का काम' के संकल्प के साथ विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। गरीब, किसान, युवा, महिलाओं और जनजातीय वर्ग के उत्थान के लिए सरकार लगातार फैसले ले रही है। बैतूल जिले में 443 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी गई है। वहीं, चार जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि वितरित की गई है। मुख्यमंत्री शनिवार को बैतूल में आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
तेंदूपत्ता संग्राहकों को मेहनत का मिला सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों का परिश्रम प्रदेश की वन संपदा को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। बैतूल में दक्षिण, पश्चिम और उत्तर बैतूल, पांढुर्णा, पूर्व एवं पश्चिम छिंदवाड़ा तथा नर्मदापुरम वन मंडल के संग्राहकों को बोनस दिया गया है। प्रदेश में अब तक तेंदूपत्ता संग्राहकों को 80 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। प्रदेश में सिंचाई और बिजली की सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
युवाओं के लिए एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के लिए उद्योगों की स्थापना के साथ कौशल विकास पर जोर दिया जा रहा है। सरकार अब तक 85 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है, जबकि एक लाख नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। दीपावली से पहले कर्मचारियों को दो प्रतिशत महंगाई भत्ता भी दिया गया है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए सांदीपनि विद्यालयों की सौगात दी जा रही है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और कक्षा 12वीं के टॉपर्स को स्कूटी दी जा रही है। बैतूल में जनजातीय छात्राओं के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से कन्या शिक्षा परिसर और छात्रावास का भूमि-पूजन किया गया है।
कुकरू खामला बनेगा पर्यटन का नया केंद्र
मुख्यमंत्री ने कुकरू खामला में 15 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और कॉफी बागान विकसित करने की बात कही। बैतूल-मुलताई में 24 करोड़ रुपये के नए कारखाने लगाए जाएंगे। ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट में सफारी गेट और बटरफ्लाई पार्क भी विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में सड़क और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 से 17 नवंबर तक प्रदेशभर में तीन दिवसीय उत्सव मनाया जाएगा।
बैतूल के लिए ये बड़ी घोषणाएं
- 50 करोड़ रुपये नल-जल योजना के कार्यों के लिए दिए जाएंगे।
- 15 करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन और हाट बाजार बनाया जाएगा।
- 47 करोड़ रुपये सड़क चौड़ीकरण पर खर्च होंगे।
- 70 करोड़ रुपये की लागत से चार जलाशयों का निर्माण होगा।
- 154 करोड़ रुपये से रामघाटी मध्यम सिंचाई परियोजना विकसित होगी।
- घोड़ाडोंगरी में बैराज और जलाशय बनाए जाएंगे।
- 50 करोड़ रुपये से सरकारी हाईस्कूलों में सुविधाओं का विस्तार होगा।
- 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से फुटबॉल टर्फ और इनडोर-आउटडोर स्टेडियम बनेंगे।
- बैतूल में जनजातीय संग्रहालय बनाया जाएगा।
- 7 करोड़ रुपये से ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट में सफारी गेट बनेगा।
- 3 करोड़ रुपये से बटरफ्लाई पार्क विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों और जनजातीय परिवारों से पशुपालन तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर आय में वृद्धि करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कोदो-कुटकी सहित मोटे अनाजों के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री और दूरस्थ गांवों तक सुगम बस सेवा पहुंचाने के प्रयास भी जारी हैं। मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को दीपावली और गोवर्धन पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
