रविवार, 1 नवंबर 202610:44:31 AM
Download App
Home/देश

मध्यप्रदेश 71वां स्थापना दिवस: : सीएम मोहन आज राज्योत्सव का करेंगे आगाज, तीन दिन दिखेगी MP की विकास गाथा, मोनाली और मामे बिखेरेंगे सुर

admin

admin

Nov 01, 2026
03:08 AM
सीएम मोहन आज राज्योत्सव का करेंगे आगाज, तीन दिन दिखेगी MP की विकास गाथा, मोनाली और मामे बिखेरेंगे सुर

भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर राजधानी भोपाल का लाल परेड मैदान तीन दिनों तक संस्कृति, संगीत और विकास की उपलब्धियों का साक्षी बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को तीन दिवसीय राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ करेंगे। ‘विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश’ की थीम पर आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश की सात दशकों की विकास यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी। उत्सव में जहां मेधावी विद्यार्थियों और किसानों का सम्मान होगा, वहीं देश के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

विकास प्रदर्शनी से देशज व्यंजनों तक, दिखेगी प्रदेश की पहचान

मुख्यमंत्री एक नवंबर को सुबह 11 बजे आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और ‘स्वाद-देशज व्यंजन मेला’ का उद्घाटन करेंगे। इन आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की कृषि प्रगति, महिला उद्यमिता और स्थानीय खानपान की विशेषताओं को प्रदर्शित किया जाएगा। लाल परेड मैदान में महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ की ओर से तैयार ‘राजा भोज का भोपाल’ विषय पर 160 जलरंग चित्रों की विशेष प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा उन्नत कृषि तकनीकों और जैविक खेती पर राज्यस्तरीय संगोष्ठी आयोजित होगी।

102 विद्यार्थियों को मिलेंगे एक-एक लाख रुपये

राज्योत्सव के दौरान मुख्यमंत्री 102 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति’ के तहत एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान करेंगे। वहीं, ‘किसान स्वाभिमान पर्व क्विज’ के 165 विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर शामिल हैं। भोपाल जिले के विजेताओं को मुख्यमंत्री स्वयं पुरस्कृत करेंगे।

मोनाली ठाकुर की आवाज से गूंजेगा उद्घाटन समारोह

राज्योत्सव का मुख्य सांस्कृतिक समारोह शाम 6:30 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम की शुरुआत ‘देशराग’ के अंतर्गत 71 बच्चों के सामूहिक वंदे मातरम् गायन से होगी। पुलिस बैंड की राष्ट्रगान प्रस्तुति और नयनाभिराम आतिशबाजी समारोह की भव्यता बढ़ाएगी। उद्घाटन संध्या का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर की सुगम संगीत प्रस्तुति होगी।

मामे खान के लोकगीतों के साथ होगा समापन

तीन दिवसीय राज्योत्सव में हर दिन प्रदेश और देश की सांस्कृतिक विविधता देखने को मिलेगी। दो नवंबर को 20 से अधिक पारंपरिक लोक नृत्यों के साथ ‘अनुगूँज’ वाद्यवृंद की प्रस्तुति होगी। वहीं, तीन नवंबर को अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त लोक गायक मामे खान अपनी लोक गायकी से समां बांधेंगे। उनकी प्रस्तुति के साथ ही तीन दिवसीय राज्योत्सव का गरिमामय समापन होगा।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें