गरियाबंद में भारी बारिश का कहर : उदंती नदी पर बन रहा 9 करोड़ का पुल ढहा

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा हादसा सामने आया है। उदंती नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा तेज बहाव और भारी बारिश के दबाव में भरभराकर ढह गया। यह पुल छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम बनने वाला था।
करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस पुल के जरिए गरियाबंद जिले के अमलीगांव को ओडिशा के चार गांवों से जोड़ा जाना था। लेकिन पिछले 50 घंटे से लगातार जारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त होकर गिर गया।
घटना के बाद निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
