बलौदाबाजार में तीसरे दिन भी मूसलाधार बारिश : महानदी की बाढ़ से रीवासरार गांव टापू बना

बलौदाबाजार। जिले में लगातार तीसरे दिन भी भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही वर्षा के कारण जिले की प्रमुख नदियां और नाले उफान पर हैं। महानदी का जलस्तर बढ़ने से रीवासरार गांव चारों ओर से पानी से घिर गया है और गांव का बाहरी इलाकों से सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है।
बढ़ते जलस्तर के चलते महानदी का पानी अब गांव के अंदर प्रवेश करने लगा है। कई घरों तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। गांव में रहने वाले करीब 40 परिवार बाढ़ की स्थिति से प्रभावित होने की आशंका के बीच सतर्क हैं।
जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दूर स्थित रीवासरार गांव महानदी के किनारे बसा है। हर वर्ष बारिश के मौसम में यह गांव बाढ़ की चपेट में आ जाता है और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और बिना जरूरत जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
