मप्र में निवेश का नया दौर : सीएम मोहन ने वर्ल्ड लीडर्स फोरम-2026 में पेश किया निवेश नीति खाका, गिनाई विकास की संभावनाएं

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित द इकोनाॅमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम-2026’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश सत्र में प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं और निवेश नीति का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया है। सीएम ने ‘फायरसाइड चैट ऑन एमपी: अनलॉकिंग द हार्ट ऑफ इंडिया’ विषय पर आयोजित सत्र में उन्होंने निवेशकों को मध्यप्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश के लिए आमंत्रित किया।
बीमारू की पहचान से विकास की नई कहानी तक
सीएम मोहन ने प्रदेश की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने बीते वर्षों में विकास की दिशा में उल्लेखनीय बदलाव किया है। कभी राज्य को ‘बीमारू प्रदेश’ के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब वह छवि पूरी तरह बदल चुकी है। चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए मध्यप्रदेश ने कृषि के साथ-साथ उद्योग, अधोसंरचना और निवेश के क्षेत्र में भी अपनी स्थिति मजबूत की है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले साल आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और विभिन्न क्षेत्रों में हुए रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव ने निवेशकों के बीच मध्यप्रदेश को लेकर विश्वास बढ़ाया है।
ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग पर बढ़ा जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश आने वाले समय में ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य में सौर और पवन ऊर्जा की उपलब्ध संभावनाओं का इस्तेमाल करते हुए स्वच्छ ऊर्जा आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सरकार का फोकस उद्योगों को पर्याप्त ऊर्जा, भूमि और आधुनिक अधोसंरचना उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण-अनुकूल निवेश को प्रोत्साहित करने पर है। मुख्यमंत्री के अनुसार, स्वच्छ ऊर्जा की मजबूत उपलब्धता प्रदेश को भविष्य की वैश्विक ग्रीन इकोनॉमी में प्रतिस्पर्धी बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर में भी अवसर
डॉ. यादव ने निवेश के लिए कई उभरते क्षेत्रों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल और गारमेंट, फार्मा, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, फूड प्रोसेसिंग और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में प्रदेश में बड़े अवसर मौजूद हैं।
आधुनिक औद्योगिक पार्कों के विकास के जरिए निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार एमएसएमई, स्टार्टअप और बड़े उद्योगों के लिए ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जहां स्थानीय संसाधनों के साथ वैश्विक बाजारों तक पहुंच भी आसान हो।
निवेश की मंजूरी होगी आसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशकों के लिए सरकार सिंगल विंडो सिस्टम, डिजिटल प्रक्रियाओं और समयबद्ध अनुमोदन पर विशेष ध्यान दे रही है। उद्देश्य यह है कि निवेश प्रस्तावों को जल्द मंजूरी मिले और परियोजनाएं तय समय में जमीन पर उतर सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि निवेशक मध्यप्रदेश को सिर्फ कारोबार के लिए एक जगह नहीं, बल्कि अपने दीर्घकालिक विकास साझेदार के रूप में देखें।
देश के केंद्र में होने का मिलेगा फायदा
मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थिति को भी मुख्यमंत्री ने राज्य की बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार के साथ लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। इससे प्रदेश में निर्मित सामान को देश के प्रमुख बाजारों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। बेहतर कनेक्टिविटी से मध्यप्रदेश वैश्विक कंपनियों की सप्लाई चेन और मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने की क्षमता रखता है।
निर्यात बढ़ाने की भी तैयारी
सरकार अब उत्पादन के साथ निर्यात क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दे रही है। टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, कृषि आधारित उत्पाद और इंजीनियरिंग सामान को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘समृद्ध मध्यप्रदेश 2047’ और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्यों को हासिल करने में निजी निवेश, उद्योग, रोजगार और निर्यात की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
निवेशकों को सीएम का खुला निमंत्रण
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने देश-विदेश के निवेशकों से मध्यप्रदेश में निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योग लगाने, नए कारोबार शुरू करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की पूरी क्षमता मौजूद है।
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों, उद्योगों और नए उद्यमों के लिए तैयार है। सरकार का लक्ष्य ऐसा औद्योगिक वातावरण बनाना है, जहां निवेश आए, उत्पादन बढ़े, रोजगार के नए अवसर पैदा हों और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिले। उन्होंने निवेशकों से मध्यप्रदेश के साथ साझेदारी कर विकास और समृद्धि के नए अध्याय की शुरुआत करने का आह्वान किया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
