गुरुवार, 8 अक्टूबर 202611:38:20 PM
Download App
Home/देश

सीएम मोहन का मुंबई मिशन सफल : धार में 7,500 करोड़ निवेश करेगा भिलोसा इंडस्ट्रीज, 3,750 लोगों को मिलेगा रोजगार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 08, 2026
11:14 AM
धार में 7,500 करोड़ निवेश करेगा भिलोसा इंडस्ट्रीज, 3,750 लोगों को मिलेगा रोजगार

मुंबई। मध्यप्रदेश में निवेश की संभावना तलाशने मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव गुरुवार को मुंबई के पहुंचे। देश की आर्थिक राजधानी पहुंचने के बाद उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ मैराथन बैठक की। इतना ही नहीं, सीएम अपने मिशन में कामयाब होते भी दिखे। भिलोसा इंडस्ट्रीज ने प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश का प्रस्ताव रखा है।

कंपनी पीएम मित्र पार्क, धार को केंद्र में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से करीब 7,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस परियोजना से लगभग 3,750 लोगों के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। यह प्रस्ताव प्रदेश में कपड़ा उद्योग को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पीएम मित्र पार्क, धार में स्थापित होगी अत्याधुनिक इकाई

सीम डॉ. यादव के साथ चर्चा में संदीप जैन ने बताया कि कंपनी पीएम मित्र पार्क, धार में टेक्सटाइल निर्माण के लिए 200 एकड़ और सहायक इकाइयों के लिए अतिरिक्त 100 एकड़ (कुल 300 एकड़) भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया में है, जिसका चयन अंतिम चरण में है। कंपनी प्रारंभिक रूप से 2,500 करोड़ के पूंजीगत निवेश के साथ कार्य प्रारंभ कर समग्र रूप से 7,500 करोड़ का निवेश करेगी। इस परियोजना के तहत वर्ष 2028 से उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

धार-इंदौर बेल्ट में बनेगा संपूर्ण पॉलिएस्टर इकोसिस्टम

इस परियोजना के माध्यम से धार-इंदौर क्षेत्र में पॉलिएस्टर यार्न, फाइबर, निटेड फैब्रिक तथा मैन-मेड फाइबर आधारित नॉन-गारमेंट फैब्रिक का एक एकीकृत विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र तैयार किया जाएगा। इसके अंतर्गत पॉलिएस्टर आधारित मुख्य उद्योगों के साथ-साथ कई सूक्ष्म एवं लघु सहायक इकाइयों को भी गति मिलेगी।

वैश्विक स्तर पर स्थापित है भिलोसा इंडस्ट्रीज की साख

उल्लेखनीय है कि भिलोसा इंडस्ट्रीज 13,232 करोड़ रुपये के वार्षिक टर्नओवर के साथ भारतीय पॉलिएस्टर बाजार में लगभग 25% हिस्सेदारी रखने वाली शीर्ष निर्माता कंपनी है। कंपनी के उत्पाद घरेलू बाजार के साथ-साथ दक्षिण अमेरिका, तुर्की, नेपाल सहित कई वैश्विक बाजारों में निर्यात किए जाते हैं। मध्यप्रदेश में इस संयंत्र की स्थापना से राज्य के निर्यात राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें