मंगलवार, 28 जुलाई 202608:47:03 AM
Download App
Home/देश

भोपाल को रेलवे के क्षेत्र में बड़ी सौगात : सीएम मोहन आज निशातपुरा स्टेशन का करेंगे शुभारंभ, मालवा एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 28, 2026
06:30 AM
सीएम मोहन आज निशातपुरा स्टेशन का करेंगे शुभारंभ, मालवा एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को मंगलवार को रेलवे के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। शहर का चौथा रेलवे स्टेशन निशातपुरा आज से यात्रियों के लिए औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा। शाम 4 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निशातपुरा रेलवे स्टेशन से मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी के साथ स्टेशन नियमित रेल संचालन के लिए पूरी तरह ऑपरेशनल हो जाएगा। शुरुआती चरण में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का यहां नियमित ठहराव रहेगा।

भोपाल स्टेशन पर कम होगा यात्रियों का दबाव

निशातपुरा स्टेशन के शुरू होने से राजधानी के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में भोपाल जंक्शन, रानी कमलापति और संत हिरदाराम (बैरागढ़) रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का काफी दबाव रहता है। नए स्टेशन के चालू होने से विशेष रूप से भोपाल जंक्शन पर भीड़ कम होगी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को अपने नजदीक से ही ट्रेन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इंदौर की दिशा में जाने वाली कुछ ट्रेनों का संचालन भी अब निशातपुरा से शुरू किया जाएगा।

भोपाल स्टेशन से बनेगा सीधा फ्लाईओवर

स्टेशन के शुभारंभ से पहले कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि निशातपुरा स्टेशन उनके विधानसभा क्षेत्र नरेला में स्थित है और यहां यातायात को बेहतर बनाने के लिए एक नया फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। यह फ्लाईओवर भोपाल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास स्थित द्वारका नगर से शुरू होकर सीधे निशातपुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक पहुंचेगा। करीब छह रेलवे ट्रैक के ऊपर बनने वाला यह रेलवे ओवरब्रिज देश का पहला ऐसा आरओबी होगा, जो इस तरह की विशेष संरचना के साथ तैयार किया जाएगा।

दोनों स्टेशनों पर रुकेगी मालवा और सोमनाथ एक्सप्रेस

पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहले जारी आदेश में संशोधन किया है। अब मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का ठहराव केवल निशातपुरा ही नहीं, बल्कि भोपाल जंक्शन पर भी रहेगा। पहले जारी अधिसूचना में इन ट्रेनों को भोपाल स्टेशन को बायपास करने की बात कही गई थी, जिससे यात्रियों में भ्रम की स्थिति बन गई थी। संशोधित आदेश के बाद दोनों स्टेशनों पर ट्रेन रुकने से यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।

तीन साल बाद मिला संचालन का इंतजार खत्म

निशातपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण करीब तीन वर्ष पहले पूरा हो चुका था। स्टेशन पर सभी आवश्यक यात्री सुविधाएं भी उपलब्ध थीं, लेकिन विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से यहां से यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था। अब सभी औपचारिक मंजूरियां मिलने के बाद स्टेशन को नियमित सेवाओं के साथ यात्रियों के लिए खोल दिया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में यहां और ट्रेनों का ठहराव भी बढ़ाया जाएगा, जिससे भोपाल का रेल नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें