मध्यप्रदेश मॉर्निंग अपडेट : शाजापुर-इंदौर दौरे पर सीएम मोहन यादव, 47 जिलों में बारिश का अलर्ट

सीएम शाजापुर और इंदौर दौरे पर
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाजापुर और इंदौर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह भोपाल से रवाना होकर शुजालपुर पहुंचेंगे, जहां वे जेएनएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे तथा कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री कॉलेज चलो अभियान एवं महाविद्यालय प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ भी करेंगे। इसके बाद वे रोड शो में हिस्सा लेंगे और मां शारदा सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लोकार्पण सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं उद्घाटन करेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री इंदौर पहुंचेंगे, जहां भाजपा की ग्रामीण एवं शहरी प्रशिक्षण कार्यशालाओं में शामिल होंगे। शाम को राजवाड़ा पहुंचकर देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और अहिल्याबाई जयंती समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के पश्चात रात में भोपाल लौटेंगे।
प्रदेश में बदला मौसम, 47 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मध्यप्रदेश में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 47 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। बीते दिनों सर्वाधिक गर्म रहने वाले नौगांव और खजुराहो में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। जहां कुछ दिन पहले पारा 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था, वहीं अब खजुराहो का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और नौगांव का 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कई शहरों में तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
