शनिवार, 30 मई 202607:19:01 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश में दिनभर की 5 बड़ी खबरें : बेटी की खरीद-फरोख्त, हनीट्रैप ,बिजली संकट और कांग्रेस करेगी सिंगरौली में बड़ा आंदोलन

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

May 30, 2026
03:14 PM
बेटी की खरीद-फरोख्त, हनीट्रैप ,बिजली संकट और कांग्रेस करेगी सिंगरौली में बड़ा आंदोलन

राजगढ़ में नाबालिग बेटी की सौदेबाजी का मामला

राजगढ़ जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक मां ने 12 लाख रुपये के लालच में अपनी 12 वर्षीय बेटी का सौदा कर उसे 26 वर्षीय युवक के साथ जबरन विवाह के लिए भेज दिया। पुलिस को बच्ची के बंधक बनाए जाने की सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई और उसे सुरक्षित मुक्त कराया गया। मामले में आरोपी मां सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मानसून की रफ्तार धीमी, 47 जिलों में कम बारिश की आशंका

मध्यप्रदेश में इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रहने के संकेत हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अल नीनो के प्रभाव के चलते प्रदेश के 47 जिलों में औसत से कम बारिश हो सकती है। आमतौर पर 10 से 15 जून के बीच पहुंचने वाला मानसून इस बार 18 से 20 जून के आसपास दस्तक दे सकता है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

भिंड हनीट्रैप मामले में नया खुलासा

भिंड में उजागर हुए हनीट्रैप गिरोह की जांच के दौरान एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल एक महिला एचआईवी पॉजिटिव पाई गई है। मेडिकल जांच में यह तथ्य सामने आया, जबकि जानकारी के अनुसार महिला पिछले तीन वर्षों से इलाज करा रही थी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

सिंगरौली में कांग्रेस का बड़ा आंदोलन

आदिवासी हितों और जल-जंगल-जमीन के मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आदिवासी कांग्रेस की बैठक के बाद भाजपा सरकार और अडानी समूह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 30 जून को सिंगरौली में बड़े आंदोलन का ऐलान किया है।

अपनी ही सरकार पर बरसे विधायक पन्नालाल शाक्य

गुना में लगातार बनी बिजली समस्या को लेकर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपनी ही सरकार के मंत्रियों पर सवाल खड़े कर दिए। बिजली विभाग के अधिकारियों से चर्चा के दौरान उन्होंने ऊर्जा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उन्हें अक्षम बताया। विधायक का बयान प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें