CUET UG 2026 परीक्षा में भारी अव्यवस्था : तकनीकी गड़बड़ी से देशभर केन्द्रों पर हंगामा, किररिकी होने के बादएनटीए ने जताया खेद, बदला शेड्यूल

नई दिल्ली। देशभर में शनिवार को आयोजित सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। देशभर के कई केन्द्रों में आयोजित हुई परीक्षा तकनीकी खराबी के कारण निर्धारित समय पर शुरू हो नहीं हो सकी। सुबह 9 बजे शुरू होने वाली परीक्षा जहां 11.23 बजे शुरू हुई। वहीं दोपहर 3 बजे आयोजित होने वाला पेपर 4 बजे शुरू हो सका। जिसके चलते अभ्यर्थियों और अभिभावकों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
बता दें कि नीट परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) विवादों में घिरा हुआ है। वहीं इस घटना के बाद एजेंसी की एक बार फिर किरकिर हुई है। इतना ही नहीं इस घटना ने एक बार फिर देश की परीक्षा प्रणाली और एनटीए की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही तकनीकी गड़बड़ियों और अव्यवस्था ने लाखों छात्रों की चिंता बढ़ा दी है, जो अपने भविष्य को लेकर इस परीक्षा पर निर्भर हैं।
तकनीकी खराबी बनी बड़ी वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कई परीक्षा केंद्रों पर सिस्टम फेल होने और नेटवर्क संबंधी तकनीकी समस्याओं के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो पाई। इससे न केवल छात्रों की परीक्षा प्रक्रिया बाधित हुई, बल्कि केंद्रों पर अव्यवस्था की स्थिति भी बन गई। कुछ जगहों पर मूलभूत सुविधाओं की कमी की शिकायतें भी सामने आईं, जिससे छात्रों की परेशानी और बढ़ गई। सुबह की शिफ्ट में हुई देरी का सीधा असर दोपहर की शिफ्ट पर भी पड़ा। परीक्षा केंद्रों पर समय प्रबंधन बिगड़ने के कारण स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया।
दोपहर की शिफ्ट का समय बदला गया
अव्यवस्था को देखते हुए एलनटीए ने तुरंत एडवाइजरी जारी की और दोपहर की शिफ्ट का समय बदल दिया। पहले जो परीक्षा 3 बजे होनी थी, उसे अब 4 बजे से आयोजित किया जाएगा। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि सभी उम्मीदवारों को पूरा निर्धारित समय दिया जाएगा और किसी भी छात्र का समय या अवसर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार
रिपोर्टिंग और एंट्री: दोपहर 2ः30 बजे से
परीक्षा शुरूः शाम 4ः00 बजे
पहले निर्धारित समय 3ः00 बजे
छात्रों के लिए हेल्पलाइन जारी, एनटीए ने जताया खेद
एनटीए ने इस पूरी घटना पर खेद व्यक्त करते हुए छात्रों और अभिभावकों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। एजेंसी ने कहा कि तकनीकी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है और परीक्षा को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इसके साथ ही छात्रों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की गई है, ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अपडेट पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
