शनिवार, 8 अगस्त 202607:27:44 AM
Download App
Home/देश

MP में जन विश्वास अभियान का आगाज : सीएम का ऐलान - अब शुक्रवार को सरकारी कार्यालयों में नहीं होंगी बैठकें, सितंबर-अक्टूबर में पूरी होंगी पदोन्नतियां

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 07, 2026
10:08 AM
सीएम का ऐलान - अब शुक्रवार को सरकारी कार्यालयों में नहीं होंगी बैठकें, सितंबर-अक्टूबर में पूरी होंगी पदोन्नतियां

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश सरकार आज शुक्रवार से जनता के बीच उतर गई है। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जन विश्वास अभियान का आगाज किया। इस अभियान के तहत अब हर शुक्रवार को मंत्री-विधायक और अधिकारी फील्ड में रहेंगे। छिंदवाड़ा के एफडीडीआई आॅडिटोरियम में जन विश्वास अभियान का शुभारंभ करते हुए डाॅ. यादव ने कहा कि प्रदेश में सुशासन को और मजबूत बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मप्र सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने यह भी घोषणा की कि वर्षों से लंबित शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रमोशन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है। सभी पात्र अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति सितंबर-अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

हर शुक्रवार नहीं होगी बैठक, जनता के बीच रहेंगे अधिकारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने प्रशासनिक कार्यशैली में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब प्रत्येक शुक्रवार किसी भी सरकारी कार्यालय में बैठकें नहीं होंगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण करेंगे, आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर उनके समाधान का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि 7 जनवरी 2027 तक चलने वाला श्जन विश्वास अभियानश् सुशासन और जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

भर्ती अभियान को मिली रफ्तार

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा रही है, जिनमें एक हजार चालक पद भी शामिल हैं। स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि उच्च शिक्षा के लिए सात हजार से अधिक व्याख्याताओं की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने विभिन्न विभागों में 17 हजार नए पदों पर भर्ती के लिए सूचना जारी की है। उन्होंने बताया कि बीते ढाई वर्षों में एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की जा चुकी है और अब दो लाख नई भर्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

जनकल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अंत्योदय और जनकल्याण की भावना को नई दिशा मिली है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ समाज के हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं, ताकि विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े नागरिक तक सुनिश्चित हो सके।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें