शिवनंदनपुर चुनाव से पहले सियासी संग्राम : आर्म्स एक्ट केस पर कांग्रेस का थाने के बाहर धरना प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले को लेकर कांग्रेस ने बिश्रामपुर थाने के बाहर मोर्चा खोल दिया है। पार्टी इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव में दर्ज किया गया फर्जी मामला बता रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पिछले करीब 16 घंटों से धरने पर बैठे हैं। देर रात पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव भी धरना स्थल पहुंचे और प्रशासन से पूरे मामले में स्पष्ट जवाब मांगा।
कांग्रेस का आरोप- भाजपा दबाव में हुई कार्रवाई
बिश्रामपुर थाने के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता जुटे हुए हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि चुनावी माहौल में भाजपा के दबाव में नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, जबकि कांग्रेस की ओर से दिए गए आवेदन पर अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।कांग्रेस का कहना है कि यदि जांच जारी है, तो फिर बिना पर्याप्त आधार के आर्म्स एक्ट की धाराएं क्यों लगाई गईं।
टीएस सिंहदेव ने उठाए सवाल
धरना स्थल पहुंचे टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रशासन को सामने आकर स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर मामला क्या है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि आर्म्स एक्ट लगाया गया है, तो क्या कोई हथियार बरामद हुआ या उसका इस्तेमाल किया गया, इसकी जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि गलत करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन बिना तथ्यों के गंभीर धाराएं लगाना राजनीतिक दुर्भावना को दर्शाता है। सिंहदेव ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक शिवनंदनपुर नगर पंचायत में पहली बार आम चुनाव होने जा रहे हैं। 1 जून को होने वाले इस चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी बीच चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ता की शिकायत पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ हथियार के साथ धमकी और गाली-गलौज करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। कांग्रेस का दावा है कि यह मामला एकतरफा कार्रवाई के तहत दर्ज किया गया है।
धरना स्थल पर जुटे कई दिग्गज नेता
धरना प्रदर्शन में कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत , पूर्व विधायक गुलाब कामरो , अम्बिका सिंह देव समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने के बाहर डटे हुए हैं।
भूपेश बघेल भी पहुंच सकते हैं सूरजपुर
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भी आज सूरजपुर पहुंचने की संभावना है। बताया जा रहा है कि वे दोपहर बाद बिश्रामपुर थाने के बाहर चल रहे धरना प्रदर्शन में शामिल होकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
