रीवा : चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पुलिस की जवाबी कार्रवाई से विक्रांति भूरिया घायल, कई नेता अरेस्ट

रीवा। रीवा जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और प्रसूता कल्पना मिश्रा तथा उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर चल रहा कांग्रेस का आंदोलन गुरुवार को अचानक उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और पानी की बौछार की। इस दौरान आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस पिछले कई दिनों से रीवा में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आंदोलन कर रही है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी प्रदर्शन में शामिल होने रीवा पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ता अग्रसेन चैराहे से सिरमौर चैराहे की ओर बढ़ रहे थे। इसी स्थान पर कल्पना मिश्रा के पिता अपनी बेटी और नवजात की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।
बैरिकेडिंग पर भिड़े प्रदर्शनकारी-पुलिस
प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर रखी थी। पुलिस के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जिसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए आंसू गैस और पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।
विक्रांत भूरिया की आंख में चोट का दावा
पुलिस कार्रवाई के दौरान विक्रांत भूरिया की आंख में चोट लगने की बात सामने आई है। भूरिया ने आरोप लगाया कि एक पुलिसकर्मी ने उनकी आंख पर डंडे से वार किया। घटना के बाद पुलिस ने भूरिया समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए सरकार और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग भी दोहराई है।
पहले भी हो चुका है पुलिस-कांग्रेस आमना-सामना
रीवा में कांग्रेस और पुलिस के बीच टकराव का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले उपमुख्यमंत्री के आवास के घेराव के दौरान भी पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। उस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
विक्रांत भूरिया की गिरफ्तारी के बाद रीवा का राजनीतिक माहौल और गरमा गया है। कांग्रेस ने साफ किया है कि जब तक स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय नहीं होती और कल्पना मिश्रा के परिवार को न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। अब इस मामले में सरकार और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
