हेडिंग्ले टेस्ट में पाकिस्तान की शर्मनाक फजीहत : दोनों पारियों में 0 पर पहला विकेट गंवाकर बनाया अनचाहा विश्व रिकार्ड, रॉबिन्सन और टंग ने बरपाया कहर

लीड्स। पाकिस्तान की बल्लेबाजी की पोल एक बार फिर खुल गई है। हेडिंग्ले टेस्ट में इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने ऐसे घुटने टेके की मुकाबला महज तीन दिन में ही खत्म हो गया। इतना ही नहीं पारी और 103 रन से करारी शिकस्त के साथ ही पाकिस्तान की टीम ने अनचाहा शर्मनाक रिकार्ड भी अपने नाम कर लिया। बता दें कि पाकिस्तान ने हेडिंग्ले टेस्ट के दोनों पारियों में अपना पहला विकेट बिना खाता खोले ही गंवा दिया था। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह सातवीं बार है, जब पाकिस्तान के साथ एक ही मुकाबले में दोनों पारियों में ऐसा हुआ।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी की पोल हेडिंग्ले में एक बार फिर खुल गई। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने ऐसा सरेंडर किया कि पहला टेस्ट तीन दिन में ही खत्म हो गया। इंग्लैंड ने पाकिस्तान को दूसरी पारी में सिर्फ 135 रन पर समेटकर पारी और 103 रन से करारी शिकस्त दी और तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। ओली रॉबिन्सन, जोश टंग और जोफ्रा आर्चर की पेस तिकड़ी के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी दोनों पारियों में पूरी तरह बेबस नजर आई।
पहली गेंद पर लगा था जोरदार झटका
पाकिस्तान की पहली पारी की शुरुआत ही बेहद खराब रही। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने मुकाबले की पहली गेंद पर अजान अवैस को पगबाधा आउट कर दिया। अवैस बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौट गए और पाकिस्तान का स्कोर शून्य रन पर एक विकेट हो गया। इसके बाद पाकिस्तान की टीम संभलने की कोशिश करती रही, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने उसकी बल्लेबाजी बिखर गई और पूरी टीम महज 171 रन पर सिमट गई।
दूसरी पारी में भी वही कहानी
इंग्लैंड ने पहली पारी में 409 रन बनाकर पाकिस्तान पर 238 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। पाकिस्तान को दूसरी पारी में मजबूत शुरुआत की जरूरत थी, लेकिन यहां भी शुरुआत ने उसे निराश कर दिया। इमाम उल हक पांच गेंद खेलने के बावजूद खाता नहीं खोल सके। पारी के दूसरे ओवर में उनका विकेट गिरते ही स्कोर फिर से शून्य रन पर एक विकेट हो गया। एक ही टेस्ट की दोनों पारियों में इस तरह पहला विकेट गंवाना बेहद दुर्लभ स्थिति है।
पाकिस्तान के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
इस नतीजे के साथ पाकिस्तान ऐसी स्थिति सात अलग-अलग टेस्ट मैचों में झेलने वाली टीम बन गई है। 472 टेस्ट खेलने के बाद पाकिस्तान के लिए यह अनचाहा आंकड़ा सबसे ज्यादा है। इस सूची में इंग्लैंड दूसरे स्थान पर है, जिसके साथ 1098 टेस्ट में पांच बार ऐसा हुआ है।
135 रन पर सिमटी दूसरी पारी
238 रनों से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान की दूसरी पारी में भी कोई बड़ा प्रतिरोध देखने को नहीं मिला। मोहम्मद रिजवान ने 41 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन दूसरे छोर पर विकेटों का पतन जारी रहा। आखिरकार पूरी पाकिस्तानी टीम केवल 135 रन पर ढेर हो गई और उसे पारी तथा 103 रनों की करारी हार झेलनी पड़ी।
रॉबिन्सन और टंग ने बरपाया कहर
इंग्लैंड की जीत में उसके तेज गेंदबाजों की भूमिका निर्णायक रही। ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने पूरे मुकाबले में आठ-आठ विकेट झटककर पाकिस्तान के बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज ड्रॉ कराने के बाद इंग्लैंड पहुंची पाकिस्तानी टीम हेडिंग्ले की परिस्थितियों में सीम और स्विंग का सामना नहीं कर सकी। यह हार उसके लिए सिर्फ स्कोरबोर्ड पर नहीं, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी लंबे समय तक याद रहने वाली बन गई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
