गुरुवार, 18 जून 202608:37:45 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश की बड़ी खबरें : निर्मला सप्रे पर फैसला सुरक्षित, UCC पर सरकार की तैयारी तेज, RSS पर दिग्विजय के सवाल और NEET पेपर हेलीकॉप्टर से पहुंचा

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

Jun 18, 2026
10:26 AM
निर्मला सप्रे पर फैसला सुरक्षित, UCC पर सरकार की तैयारी तेज, RSS पर दिग्विजय के सवाल और NEET पेपर हेलीकॉप्टर से पहुंचा

मध्य प्रदेश की बड़ी खबरें

निर्मला सप्रे दलबदल मामले में फैसला सुरक्षित

कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे की सदस्यता को लेकर चल रहे दलबदल प्रकरण में गुरुवार को जबलपुर हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने याचिका दायर कर उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की है।

दिग्विजय सिंह ने RSS और राम मंदिर ट्रस्ट पर उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की फंडिंग और उसके पंजीकरण को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर भी निशाना साधते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से संघ के वित्तीय स्रोतों की जांच कराने की मांग की है।

वायुसेना के हेलीकॉप्टर से पहुंचाया गया NEET का प्रश्नपत्र

छिंदवाड़ा में होने वाली NEET UG पुनर्परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से पहुंचाए गए। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में पेपर सीधे परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया, जहां उन्हें सुरक्षा मानकों के तहत सुरक्षित रखा गया है। पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी।

मध्य प्रदेश में UCC लागू करने की तैयारी तेज

राज्य सरकार समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संकेत दिए हैं कि आगामी मानसून सत्र में इस संबंध में विधेयक विधानसभा में पेश किया जा सकता है। सरकार ने जनता की राय जानने के लिए मोबाइल संदेशों के जरिए ‘हां’ या ‘ना’ में सुझाव भी मांगे हैं।

जुलाई से बंद होंगे 10 नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व

वन्यजीव प्रेमियों और सफारी के शौकीनों के लिए अहम खबर है। प्रदेश के 10 नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व मानसून सीजन के चलते 1 जुलाई से पर्यटकों के लिए बंद कर दिए जाएंगे। पर्यटक 30 जून की शाम तक भ्रमण कर सकेंगे। इसके बाद पार्क सितंबर के अंतिम सप्ताह या अक्टूबर के पहले सप्ताह में दोबारा खोले जाएंगे।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें