स्कूल पहुंचकर छात्राओं से मिले सीएम मोहन यादव : ज्ञान और आत्मविश्वास की सराहना की

सीएम डॉ. मोहन यादव ने छात्राओं से किया संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने सहज और आत्मीय अंदाज से छात्राओं का दिल जीत लिया। जब वे अचानक विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के बीच पहुंचे, तो छात्राएं उन्हें अपने बीच देखकर हैरान रह गईं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्राओं से पढ़ाई, विद्यालय और भविष्य की योजनाओं को लेकर कई सवाल पूछे। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक उनके प्रश्नों के उत्तर दिए और उनसे अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं।
नामांकन में दर्ज हुई उल्लेखनीय बढ़ोतरी
उल्लेखनीय है कि प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का पहला चरण 1 से 4 अप्रैल तक आयोजित किया गया था। उस दौरान भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय विद्यालयों में ड्रॉपआउट दर को शून्य करने के प्रयासों के लिए स्कूल शिक्षा विभाग की सराहना की थी।
प्रवेश प्रक्रिया को बनाया गया सरल
राज्य सरकार ने कक्षा 1, 6 और 9 में प्रवेश प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में नामांकन में 19.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में 32.4 प्रतिशत की प्रगति देखने को मिली है। सरकार ने चालू सत्र में 1 करोड़ 45 लाख विद्यार्थियों के नामांकन का लक्ष्य निर्धारित किया है। साथ ही, प्रदेश में 369 आधुनिक और सुविधायुक्त सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना कर शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
