एंबुलेंस को लेकर हुआ विवाद : भानुप्रतापपुर अस्पताल में मरीज के परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों में विवाद, डॉक्टरों ने की FIR की मांग

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर शासकीय अस्पताल में मरीज के परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। अस्पताल प्रबंधन ने डॉक्टरों और स्टाफ के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। घटना के विरोध में अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी थाने पहुंचे और संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गंभीर हालत में अस्पताल लाई गई थी तीन साल की बच्ची
जानकारी के अनुसार, बीती रात ग्राम संबलपुर से एक तीन वर्षीय बच्ची को गंभीर हालत में भानुप्रतापपुर शासकीय अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने बच्ची की जांच कर प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि जिस समय बच्ची को रेफर किया गया, उस वक्त 108 एंबुलेंस दूसरे इमरजेंसी केस में व्यस्त थी। ऐसे में अस्पताल की ओर से परिजनों को किसी अन्य वाहन से बच्ची को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई।

एंबुलेंस को लेकर हुआ विवाद
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इसी दौरान बच्ची के परिजनों और अस्पताल के कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। प्रबंधन का आरोप है कि इस दौरान ऑन-ड्यूटी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। हालांकि, इस मामले में अभी तक मरीज पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में विवाद की पूरी स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी पहुंचे थाने
घटना के विरोध में भानुप्रतापपुर शासकीय अस्पताल के डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी थाने पहुंचे। उन्होंने कथित तौर पर अभद्रता और गाली-गलौज करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि अस्पताल में ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले को लेकर थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज ने बताया कि पुलिस सभी पक्षों के बयान ले रही है। बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल भानुप्रतापपुर अस्पताल में मरीज के परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच हुए विवाद का मामला जांच के दौर में है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और किसकी ओर से क्या कार्रवाई की गई

नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
