रविवार, 2 अगस्त 202611:12:42 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान : छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और बिजली बिल पर सियासत तेज, कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Aug 02, 2026
11:49 AM
छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और बिजली बिल पर सियासत तेज, कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली की बढ़ी दरों और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेस ने बिजली की बढ़ी दरें वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना दोबारा लागू करने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन की रणनीति की जानकारी दी। कांग्रेस की ओर से प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी प्रेसवार्ता कर बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध दर्ज कराया गया।

दुर्ग में कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान

दुर्ग में कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जनसंपर्क अभियान चलाने की बात कही। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि बढ़े हुए बिजली बिल से गरीब और आम उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर की वजह से किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर अपने फैसले वापस नहीं लेती है, तो बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

कांग्रेस के मुताबिक, अलग-अलग जिलों से उपभोक्ताओं के आवेदन और पावती जुटाई जाएगी। इसके बाद प्रदेश स्तर पर इन दस्तावेजों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की तैयारी है।

दंतेवाड़ा में भी स्मार्ट मीटर के खिलाफ अभियान

दंतेवाड़ा जिले में भी कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्मार्ट मीटर विरोधी आंदोलन की जानकारी दी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शकील रिजवी ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर से असंतुष्ट उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाएंगे।

कांग्रेस इन आवेदनों को एकत्र कर बिजली विभाग के कार्यालय में जमा करेगी। पार्टी का कहना है कि अभियान के बाद प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा और रायपुर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

वहीं, कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बिलासपुर में डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ लेने के लिए विरोध प्रदर्शन करने का आरोप लगाया।

अरुण साव ने कहा कि जिस योजना को कांग्रेस ने स्वयं मंजूरी दी थी, अब उसी के खिलाफ विरोध करना कांग्रेस की दोहरी राजनीति को दर्शाता है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस अपने ही फैसले को लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

दो महीने चलेगा कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन

कांग्रेस ने बताया कि बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर उसका अभियान अगले दो महीनों तक चरणबद्ध तरीके से चलेगा। पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता आम उपभोक्ताओं के बीच जाकर उनकी समस्याएं दर्ज करेंगे।

आंदोलन के अंतिम चरण में प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री निवास के घेराव की तैयारी है। कांग्रेस का कहना है कि बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने, स्मार्ट मीटर हटाने और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना दोबारा लागू करने की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है।

फिलहाल बिजली बिल और स्मार्ट मीटर का मुद्दा छत्तीसगढ़ में एक नए सियासी टकराव का केंद्र बन गया है। कांग्रेस जहां इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी में है, वहीं बीजेपी कांग्रेस के आंदोलन को राजनीतिक विरोध करार दे रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर सियासत और तेज होने के आसार हैं।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें