भाईजान, नरेंद्र नाम से नफरत हो गई है... : पाकिस्तानी बॉक्सर का जवाब सुनकर PM मोदी भी नहीं रोक पाए हंसी, हले ही मुकाबले में पाकिस्तान के मुक्केबाज को दी थी मात

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के अनुभव साझा किए, लेकिन हैवीवेट मुक्केबाज और रजत पदक विजेता नरेंदर बेरवाल का एक पुराना किस्सा खास तौर पर चर्चा में आ गया। नरेंदर ने 2015 के विश्व सैन्य खेलों में पाकिस्तान के एक मुक्केबाज के खिलाफ मुकाबले के बाद हुई मजेदार बातचीत का जिक्र किया, जिसे सुनकर प्रधानमंत्री मोदी भी मुस्कुरा उठे।
पाकिस्तानी मुक्केबाज से था पहला मुकाबला
नरेंदर बेरवाल ने बताया कि 2015 विश्व सैन्य खेलों में उनका पहली बार पाकिस्तान के मुक्केबाज से मुकाबला हुआ था। मुकाबले से पहले भारतीय सेना की ओर से उन्हें खास हिदायत दी गई थी कि पाकिस्तान के खिलाड़ी से मुकाबला हर हाल में जीतना है। नरेंदर ने बताया कि उन्होंने पहले दौर में 4-1 और दूसरे दौर में 3-2 से बढ़त बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। हालांकि मुकाबले के दौरान दोनों खिलाड़ियों के सिर आपस में टकरा गए थे। चोट लगने के बाद मुकाबला खत्म होते ही दोनों को उपचार के लिए अस्पताल जाना पड़ा और टांके भी लगवाने पड़े।
‘भाईजान, एक बात बोलूं?’
नरेंदर ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि मुकाबले के बाद पाकिस्तानी मुक्केबाज काफी देर तक कुछ सोचता रहा। फिर उसने उनसे कहा, ‘भाईजान, एक बात बोलूं?’ नरेंदर ने बताया कि उन्होंने जवाब दिया, ‘हां, बोलो।’ इसके बाद पाकिस्तानी मुक्केबाज ने ऐसी बात कही कि मुकाबले की सारी थकान के बीच हंसी का माहौल बन गया। उसने कहा, ‘भाईजान, आपका नाम नरेंद्र है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है और आपके प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र है। मुझे नरेंद्र नाम से नफरत हो गई है।’
किस्सा सुनकर प्रधानमंत्री भी हंस पड़े
नरेंदर बेरवाल ने जब यह पूरा किस्सा प्रधानमंत्री मोदी को सुनाया तो वहां मौजूद खिलाड़ियों के बीच भी मुस्कान फैल गई। प्रधानमंत्री मोदी भी मुक्केबाज की बात सुनकर अपनी हंसी नहीं रोक पाए। भारत-पाकिस्तान मुकाबले से जुड़ा यह पुराना प्रसंग खिलाड़ियों की मुलाकात के दौरान सबसे दिलचस्प क्षणों में से एक रहा।
सेना से जुड़े हैं नरेंदर बेरवाल
नरेंदर बेरवाल भारतीय सेना से जुड़े मुक्केबाज हैं और 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह एशियाई खेलों में भी पदक जीत चुके हैं। 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय मुक्केबाजी दल का हिस्सा रहे नरेंदर ने रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात में खिलाड़ियों की उपलब्धियों के साथ-साथ ऐसे किस्से भी सामने आए, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
