गौवंश को न्याय दिलाने की जंग : 25 दिन से सड़क पर रात गुजार रही महिला अधिकारी, संघर्ष ने प्रशासन की जवाबदेही पर खड़े किए सवाल

शिवपुरी। गौवंश को न्याय दिलाने की जिद और इंसाफ की मांग ने एक महिला अधिकारी को 25 दिनों से सड़क पर रहने को मजबूर कर दिया है। एमपीआरडीए में उपयंत्री के पद पर कार्यरत और गौसेवा से जुड़ी हिमांचली मिश्रा ने बेजुबान गौवंश की मौत के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अपना घर छोड़ दिया है। दिन-रात जारी उनका यह संघर्ष अब प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर रहा है। वहीं, रात के अंधेरे में अकेले सड़क पर गुजार रही महिला अधिकारी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ती जा रही है।
बीमार गाय को गौशाला पहुंचाया, बाद में हुई मौत
मामला ग्वालियर की लाल टिपारा स्थित गौशाला से जुड़ा है। हिमांचली मिश्रा के अनुसार, उन्होंने एक बीमार गाय के उपचार और संरक्षण के उद्देश्य से उसे अपने खर्च पर गौशाला पहुंचवाया था। उनका आरोप है कि कुछ समय बाद गौशाला प्रबंधन द्वारा उक्त गाय को गौशाला से बाहर कर दिया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
हिमांचली मिश्रा का कहना है कि यदि गाय को गौशाला से बाहर नहीं निकाला जाता और उसे उचित उपचार एवं देखभाल मिलती, तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी। इसी मामले में वह जांच रिपोर्ट के आधार पर गाय को गौशाला से बाहर करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की मांग कर रही हैं।
25 दिनों से सड़क पर संघर्ष, रात में अकेले रहने की स्थिति
अपनी मांगों को लेकर हिमांचली मिश्रा पिछले करीब 25 दिनों से लगातार संघर्षरत हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने शिवपुरी बस स्टैंड के पास सड़क किनारे ही रात्रि विश्राम की व्यवस्था कर रखी है। एक ओर वह अपनी नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ इस संघर्ष को जारी रखे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर रात के समय अकेले सड़क पर रहने की उनकी स्थिति सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बनी हुई है।

ऐसे में जिला प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। क्या प्रशासन को उनकी सुरक्षा की स्थिति की जानकारी है? क्या रात्रि के समय उनकी सुरक्षा के लिए कोई पुलिसकर्मी या अन्य व्यवस्था सुनिश्चित की गई है? यदि नहीं, तो अब तक इस दिशा में क्या कदम उठाए गए हैं?
प्रशासन के सामने खड़े हैं तीन अहम सवाल
बीमार गाय को लाल टिपारा गौशाला से बाहर किस परिस्थिति में निकाला गया और इसके लिए जिम्मेदार कौन है?
गाय की मौत के मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई है?
पिछले करीब 25 दिनों से सड़क पर रहकर संघर्ष कर रही महिला अधिकारी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने क्या कदम उठाए हैं?
गौवंश को न्याय और महिला को सुरक्षाकृदोनों की दरकार
हिमांचली मिश्रा का यह संघर्ष प्रशासन के सामने एक महत्वपूर्ण प्रश्न खड़ा करता है। एक ओर गौवंश की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग है, तो दूसरी ओर अपनी मांगों को लेकर लगातार सड़क पर रह रही महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
अब देखना होगा कि संबंधित प्रशासनिक अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं। क्या गाय की मौत के मामले में जिम्मेदारी तय होगी? क्या संबंधित लोगों पर कार्रवाई होगी? और क्या पिछले 25 दिनों से संघर्ष कर रही महिला अधिकारी को सुरक्षा एवं न्याय दिलाने के लिए प्रशासन ठोस पहल करेगा?
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
