महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला आज : भारत की बेटियों की नजर रहेगी जीत के चौके पर, चीन से होगी खिताबी जंग

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में खेली जा रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी अब अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच गई है। नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आज शाम 7 बाजे फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। खिताबी जंग भारत और चीन के होगी। खास बात यह है कि महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की बेटियों के पास चौथी बार खिताब जीतकर टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बनने का सुनहरा अवसर है।
बता दें कि मौजूदा चैंपियन भारत ने सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से शिकस्त देकर छठी बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई। अब आज शनिवार को फाइनल में भारत का सामना चीन से होगा। मेजबान और मौजूदा चैंपियन भारत की निगाहें अपने चौथे खिताब पर होंगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने वर्ष 2016 में पहली बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद 2023 और 2024 में लगातार दो बार चैंपियन बनी। अगर भारतीय टीम आज चीन के खिलाफ जीत दर्ज करती है तो भारत को चार खिताब दिलाने के साथ टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बनन जाएगी।
गोल करने में भारत सबसे आगे, चीन काफी पीछे
पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का आक्रामक खेल देखने को मिला है। टीम अब तक कुल 29 गोल कर चुकी है, जबकि चीन के खाते में 14 गोल हैं। भारत के कुल गोल में से 19 गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए आए हैं। इससे भारतीय टीम की आक्रमण क्षमता और सेट पीस पर मजबूत पकड़ का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दीपिका के नाम 10 गोल, टॉप-5 में तीन भारतीय
गोल करने के मामले में भारतीय खिलाड़ी दीपिका सबसे आगे हैं। वह अब तक 10 गोल दागकर टूर्नामेंट की शीर्ष स्कोरर बनी हुई हैं। टॉप-5 गोल स्कोरर में भारत की तीन खिलाड़ी शामिल हैं। दीपिका के अलावा मुमताज खान चार और लालरेमसियामी तीन गोल कर चुकी हैं।
पेनल्टी कॉर्नर में भी भारतीय टीम का दबदबा
भारत ने अब तक 68 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए हैं, जिनमें से 19 को गोल में बदला है। टीम की सफलता दर 27.94 प्रतिशत रही है, जो टूर्नामेंट में सभी टीमों से अधिक है। फाइनल में भी पेनल्टी कॉर्नर भारतीय टीम के लिए अहम हथियार साबित हो सकते हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
