छत्तीसगढ़ से बड़ी खबर : भिलाई स्टील प्लांट धमाके बाद भड़की आग, कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी, पांच घायल

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई जिले से एक बड़ी औद्योगिक दुर्घटना की खबर सामने आई है। स्टील अथॉरिटी आफ इंडिया लिमिटेड-सेल के भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार को भीषण आग लग गई, जिससे पूरे प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लांट के पीबीएस-2 यूनिट में टरबाइन में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई।
इस हादसे में कुल 5 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें प्लांट के 2 स्थायी कर्मचारी और 3 ठेका मजदूर शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए पीछे के रास्तों से बाहर भागते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं। वहीं, प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर इसे तकनीकी खराबी या टरबाइन विस्फोट से जुड़ा मामला माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी की जा रही है। इस घटना के बाद प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों में भय का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि स्थिति को जल्द ही पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया जाएगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
