मंगलवार, 23 जून 202607:56:17 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश की बड़ी खबरें : फायर सेफ्टी कार्रवाई, बीजेपी की नई कार्यकारिणी, UCC पर बड़ा अपडेट और कान्हा में फिर बाघ की मौत

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

Jun 23, 2026
10:46 AM
फायर सेफ्टी कार्रवाई, बीजेपी की नई कार्यकारिणी, UCC पर बड़ा अपडेट और कान्हा में फिर बाघ की मौत

इंदौर में फायर सेफ्टी नियमों पर सख्ती, 12 से अधिक संस्थान सील

लखनऊ में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से 15 लोगों की मौत के बाद इंदौर जिला प्रशासन और नगर निगम अलर्ट मोड पर आ गए हैं। शहरभर में फायर सेफ्टी मानकों की जांच अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले 12 से अधिक संस्थानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया है। प्रशासन ने सभी व्यावसायिक और सार्वजनिक संस्थानों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति का विस्तार, 106 सदस्य शामिल

मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नई प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। कार्यसमिति में 106 सदस्यों को शामिल किया गया है, जबकि 41 नेताओं को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कई मंत्री, सांसद, विधायक और पूर्व विधायक भी कार्यसमिति का हिस्सा बनाए गए हैं। वरिष्ठ नेताओं सत्यनारायण जटिया, सुमित्रा महाजन, विक्रम वर्मा, कप्तान सिंह सोलंकी, सुरेश पचौरी, गिरीश गौतम और जयंत मलैया को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।

UCC पर 9 लाख सुझाव, 90 प्रतिशत समर्थन में

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद MSME मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने बताया कि समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर प्रदेशभर से करीब 9 लाख सुझाव प्राप्त हुए हैं, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत सुझाव समर्थन में हैं। सरकार को 5 जुलाई तक अंतिम प्रस्ताव मिलने की उम्मीद है, जिसे आगामी विधानसभा सत्र में पेश किया जा सकता है।

कैबिनेट ने योजनाओं की मंजूरी दी

कैबिनेट ने 5365 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं की निरंतरता को मंजूरी दी है। वहीं किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर मिलने वाले ऋण की अवधि बढ़ाने का भी फैसला लिया गया है। इसके अलावा शुजालपुर में विधि महाविद्यालय खोलने को मंजूरी दी गई है।

कान्हा टाइगर रिजर्व में CDV संक्रमित बाघ की मौत

कान्हा टाइगर रिजर्व में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (CDV) से संक्रमित एक और बाघ की मंगलवार सुबह मौत हो गई। वन विभाग के अनुसार बाघ का पिछले 23 दिनों से इलाज चल रहा था, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। इस घटना के बाद रिजर्व प्रबंधन की चिंता और बढ़ गई है तथा अन्य वन्यजीवों की निगरानी तेज कर दी गई है।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें