शुक्रवार, 4 सितंबर 202608:50:34 AM
Download App
Home/विदेश

पाकिस्तान क्रिकेट को बोर्ड ने बना दिया तमाशा : पीसीबी और नकवी को इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ने सुनाई खरी-खरी, इमाम-उल-हक विवाद ने बढ़ाई मुश्किलें

admin

admin

Sep 04, 2026
07:20 AM
पीसीबी और नकवी को इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ने सुनाई खरी-खरी, इमाम-उल-हक विवाद ने बढ़ाई मुश्किलें

लंदन। इन दिनों पाकिस्तान क्रिकेट हंसी का पात्र बना हुआ है। इंग्लैंड दौरे में मिली शर्मनाक पराजय के बाद टीम में किए गए बदलाव को लेकर हर दिन उसे तीखी अलाचेनाओं झेलनी पड़ रही है। दुनियाभर के दिग्गज क्रिकेट पीसीबी और उसके अध्यक्ष मोहसिन नकवी भड़ास निकाल रहे हैं। इसी क्रम में इंग्लैंड के दिग्गज क्रिकेट और पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने पीसीबी और नकवी पर जमकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने यहां तक कह दिया है कि पाकिस्तान क्रिकेट का पहले से ही बेड़ागर्क है और बोर्ड ने उसे और हास्यास्पद बना दिया है।

‘हेडिंग्ले के बाद दुनिया पाकिस्तान पर नहीं हंस रही थी’

नासिर हुसैन ने कहा कि हेडिंग्ले के बाद पाकिस्तान की स्थिति खराब जरूर थी, लेकिन दुनिया उसका मजाक नहीं उड़ा रही थी। उनकी नाराजगी लॉर्ड्स में पाकिस्तान के प्रदर्शन को लेकर थी, जहां टीम मुकाबले में वापसी के लिए पर्याप्त संघर्ष करती नजर नहीं आई।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जैसी महान क्रिकेट खेलने वाली टीम की मौजूदा स्थिति देखकर उन्हें निराशा होती है। लेकिन बोर्ड ने जिस तरह पूरे मामले को संभाला, उससे स्थिति और बिगड़ गई। नासिर हुसैन ने तीखे अंदाज में कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के हालिया फैसलों ने पाकिस्तान को ‘हंसी का पात्र’ बना दिया है। उनके मुताबिक बोर्ड ने समस्या का समाधान करने के बजाय उसे और गंभीर कर दिया।

इमाम-उल-हक विवाद पर भी बोर्ड घिरा

नासिर हुसैन ने सबसे ज्यादा सवाल इमाम-उल-हक के मामले में उठाए। लॉर्ड्स मुकाबले के पहले दिन इमाम की पिंडली में खिंचाव आ गया था। चोट के कारण वह मुकाबले की दोनों पारियों में बल्लेबाजी नहीं कर सके। वहीं आकिब जावेद के बयान पर नासिर हुसैन ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल किया कि किसी टीम का उच्च प्रदर्शन निदेशक अपने ही खिलाड़ी को सार्वजनिक मंच पर इस तरह निशाना कैसे बना सकता है।

हुसैन ने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आता कि टीम प्रबंधन का इतना बड़ा अधिकारी सार्वजनिक रूप से अपने ही खिलाड़ी की छवि खराब करने वाली टिप्पणी कैसे कर सकता है। उनके मुताबिक इमाम चोटिल थे या नहीं, यह चिकित्सकीय दल और टीम प्रबंधन का विषय था। लेकिन सार्वजनिक मंच पर उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाना उचित नहीं था।

पाकिस्तान को हेडिंग्ले और लॉर्ड्स करना पड़ा हार का सामना

बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान को हेडिंग्ले और लॉर्ड्स में हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही पांच मैचों की श्रृंखला में पाकिस्तान 0-2 से पिछड़ गया है। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला 9 सितंबर से एजबेस्टन में खेला जाएगा। इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम में बड़ा बदलाव करते हुए सात खिलाड़ियों और दो प्रशिक्षकों को इंग्लैंड से वापस भेजने का फैसला किया है।

हार के बाद बोर्ड ने उठाया बड़ा कदम

बोर्ड के फैसले के तहत मोहम्मद रिजवान, सलमान अली आगा और इमाम-उल-हक जैसे खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया गया। इसके अलावा प्रशिक्षक सरफराज अहमद की जगह बर्मिंघम में होने वाले तीसरे मुकाबले के लिए माइक हेसन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन फैसलों ने पाकिस्तान क्रिकेट में चल रही उथल-पुथल को और बढ़ा दिया है। नासिर हुसैन के मुताबिक, इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान की हार से वह पहले ही निराश थे, लेकिन बोर्ड की प्रतिक्रिया ने उन्हें और ज्यादा हैरान किया।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें