शुक्रवार, 20 नवंबर 202608:57:41 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

भारतीय खिलाड़ियों का जश्न जायज : पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर ने अपने खिलाड़ियों को दी नसीहत, उम्र को लेकर भी घेरा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 20, 2026
10:45 AM
पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर ने अपने खिलाड़ियों को दी नसीहत, उम्र को लेकर भी घेरा

नई दिल्ली। अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत के हाथों पाकिस्तान की हार के बाद भारतीय खिलाड़ियों के जश्न को लेकर छिड़ी बहस के बीच पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने जहां भारतीय खिलाड़ियों का खुलकर समर्थन किया है। वहीं पाकिस्तान टीम को नसीहत देते हुए कहा है कि इसे खेल भावना के साथ स्वीकार करना चाहिए। कनेरिया ने अपनी ही टीम की कप्तानी, गेंदबाजी और क्रिकेट व्यवस्था पर भी जमकर सवाल उठाए।

भारतीय खिलाड़ियों के जश्न को बताया सही

दानिश कनेरिया ने कहा कि फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों का व्यवहार कहीं से भी गलत नहीं था। खिलाड़ी युवा हैं और उनमें जोश होना स्वाभाविक है। भारत ने जीत के बाद जश्न मनाया और सभी खिलाड़ी एक सीमा के अंदर रहे।

उन्होंने कहा कि इस तरह के जश्न की शुरुआत पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने की थी। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाड़ियों को इसे बर्दाश्त करना सीखना चाहिए। कनेरिया ने यहां तक कहा कि अगर पाकिस्तान की टीम चैंपियन बनती तो उसके खिलाड़ी भी इसी तरह जश्न मनाते। इसलिए इस पूरे मामले को खेल भावना के साथ देखना चाहिए।

अंडर-19 खिलाड़ियों की उम्र और प्रतिभा पर सवाल

पाकिस्तान की अंडर-19 टीम के खिलाड़ियों की उम्र को लेकर उठे सवालों पर भी कनेरिया ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि टीम में कुछ खिलाड़ी बड़ी उम्र के दिखाई दे रहे थे। उनके मुताबिक, पाकिस्तान में क्रिकेट के हर स्तर पर गिरावट आई है और इसमें सुधार के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अब लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी तैयार नहीं कर पा रहा है। इसकी एक बड़ी वजह घरेलू क्रिकेट को पर्याप्त तवज्जो नहीं देना है। कनेरिया ने मौजूदा अंडर-19 टीम की प्रतिभा पर भी सवाल उठाए।

भारत की क्रिकेट व्यवस्था की तारीफ

कनेरिया ने भारतीय क्रिकेट की तारीफ करते हुए कहा कि भारत में खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए बेहतर व्यवस्था मौजूद है। बीसीसीआई अपने खिलाड़ियों के साथ खड़ी रहती है और टीमों में अनुभवी एवं परिपक्व कोच रखे जाते हैं।

उन्होंने कहा कि अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। फाइनल में दबाव के बावजूद खिलाड़ियों ने जिस तरह वापसी करते हुए मुकाबला जीता, वह काबिलेतारीफ था। भारतीय टीम इस खिताब की पूरी तरह हकदार थी। उनके मुताबिक, टीम में कई ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जो भविष्य में सीनियर भारतीय टीम के लिए खेल सकते हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें