अभिषेक का रन आउट छोड़ना डीसी की बड़ी गलती : पूर्व दिग्गज स्पिनर बोले- एक पल ने बदल दिया पूरा गेम

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में मंगलवार को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच खेले गए मुकाबले को एसआरएच ने 47 रनों से जीत लिया है। जीत के हीरो अभिषेक शर्मा रहे। सलामी बल्लेबाज के तौर पर बैटिंग करने आए अभिषेक ने 68 गेंदों पर नाबाद 135 रन की पारी खेली। उनकी पारी की बदौलत एसआरएच ने डीसी के सामने 240 रनों का पहाड़ सा लक्ष्य रखा।
खास बात यह है कि अभिषेक इतनी बड़ी पारी नहीं खेल पाते अगर दिल्ली कैपिटल्स के द्वारा उनका रन आउट का मौका नहीं छूटता। उनकी विकेट मैच की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती थी। पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने भी अभिषेक शर्मा का रन आउट छोड़े जाने को डीसी की सबसे बड़ी गलती करार दिया।
मैच का अहम पल था रन आउट
जियोहॉस्टार के गूगल सर्च एआई मोड मैच सेंटर लाइव पर बात करते हुए जियोस्टार एक्सपर्ट हरभजन सिंह ने अभिषेक शर्मा के मिस्ड रन-आउट के बारे में कहा, वो मैच का एक अहम पल था। अगर अभिषेक शर्मा आउट हो जाते, तो गेम बहुत अलग दिख सकता था। उन्होंने एक अहम पारी खेली और उस बड़े टोटल के पीछे मुख्य कारण थे। जब कोई टीम 240 से ज्यादा रन बनाती है, तो आमतौर पर ऐसे ही पल आते हैं, और यह वही पल था जिसने गेम को पूरी तरह से बदल दिया। वह काफी शॉर्ट थे, और एक डायरेक्ट हिट या एक अच्छा थ्रो सब कुछ बदल सकता था।
9वें ओवर छूटा था रन आउट का मौका
एसआरएच की पारी के 9वें ओवर में अभिषेक शर्मा के रन आउट का मौका विकेटकीपर केएल राहुल से छूट गया था। उस समय अभिषेक मात्र 49 रन पर खेल रहे थे। अभिषेक एक शॉट खेलकर दूसरा रन लेने के प्रयास में क्रीज से काफी बाहर रह गए थे, लेकिन राहुल के दस्तानों में गेंद सही से न आने के कारण वे रन आउट करने से चूक गए। राहुल की गलती डीसी पर भारी पड़ी। शर्मा ने 68 गेंदों पर 10 छक्कों और 10 चैकों की मदद से नाबाद 135 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत एसआरएच ने 242 रन बनाए और डीसी को 195 रन पर रोककर मैच 47 रन से जीता।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
