टीवी सितारों के घर गूंजे ‘गणपति बप्पा मोरया’ : देबीना से दीपशिखा तक ने धूमधाम से किया बप्पा का स्वागत

मुंबई। देशभर में गणेश चतुर्थी का उत्साह चरम पर है और मायानगरी मुंबई भी बप्पा की भक्ति में रंगी नजर आ रही है। मनोरंजन जगत के सितारे भी गणपति बप्पा के स्वागत में पीछे नहीं हैं। टेलीविजन इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने अपने घर भगवान गणेश की प्रतिमा का धूमधाम से स्वागत किया। इस दौरान सितारे परिवार के साथ नाचते-गाते और पूरे उत्साह के साथ बप्पा को घर लाते नजर आए।
दीपशिखा नागपाल के लिए खास है इस बार का उत्सव
अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल अपने परिवार के साथ गणपति बप्पा की प्रतिमा लेने पहुंचीं। इस दौरान उनका पूरा परिवार बेहद उत्साहित नजर आया। सभी ने मिलकर जमकर डांस किया और बप्पा के आगमन का जश्न मनाया।
मीडिया से बातचीत में दीपशिखा ने बताया कि इस बार उनके घर गणपति बप्पा के आगमन और सेवा के 25 साल पूरे हो गए हैं। अभिनेत्री ने भावुक होते हुए कहा कि वह इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकतीं। उन्होंने बप्पा से प्रार्थना की कि उन्हें जीवनभर इसी तरह उनकी सेवा करने का अवसर मिलता रहे।
देबीना बनर्जी बच्चों और पति के साथ पहुंचीं
वहीं, अभिनेत्री देबीना बनर्जी भी पति और अभिनेता गुरमीत चौधरी तथा अपने बच्चों के साथ बप्पा को लेने पहुंचीं। देबीना ने कहा कि गणपति बप्पा ने हमेशा उनके परिवार पर अपनी कृपा बनाए रखी है। उन्होंने बताया कि इस बार का गणेश उत्सव उनके लिए कुछ ज्यादा खास है, हालांकि इसकी वजह के बारे में उन्होंने फिलहाल खुलासा नहीं किया।
अलग-अलग राज्यों से आए, बप्पा के रंग में रंगे
देबीना ने कहा कि वह बंगाल से हैं, जबकि गुरमीत बिहार से ताल्लुक रखते हैं। इसके बावजूद महाराष्ट्र के इस प्रमुख पर्व ने दोनों को पूरी तरह अपनी भक्ति और परंपरा से जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि बप्पा उनके साथ हमेशा मजबूती से खड़े रहे हैं।
बच्चों ने खुद चुनी गणपति की प्रतिमा
गुरमीत चौधरी ने बताया कि इस बार गणपति की प्रतिमा उनके बच्चों ने खुद पसंद की है। बच्चे पिछले दो दिनों से बप्पा के आने का इंतजार कर रहे थे। गुरमीत ने कहा कि बच्चों में छोटी उम्र से ही भगवान के प्रति आस्था और उत्साह देखना परिवार के लिए बेहद खुशी की बात है।
माता-पिता को देखकर बच्चों में आई आस्था
देबीना ने बताया कि उन्होंने बच्चों को अलग से पूजा-पाठ करना नहीं सिखाया। बच्चे माता-पिता को पूजा करते हुए देखते हैं और धीरे-धीरे खुद भी इन धार्मिक गतिविधियों का हिस्सा बनने लगे हैं। अभिनेत्री का मानना है कि बच्चों पर घर के माहौल और माता-पिता की आस्था का स्वाभाविक प्रभाव पड़ता है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
