समंदर में टकराए भारत-पाकिस्तानी युद्धपोत : दिल्ली में पाक राजनयिक तलब, इस्लामाबाद में भी विरोध दर्ज कराने दिए निर्देश

नई दिल्ली। उत्तरी अरब सागर में मंगलवार शाम भारतीय और पाकिस्तानी नौसेना के जहाजों के बीच टक्कर की टक्कर हो गई है। अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। लेकिन इसकी हलचल नई दिल्ली से इस्मलाबाद तक दिखाई दी। विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग प्रभारी राजनियक को तलब कर लिया है। इतना ही नहींभारत ने पाकिस्तानी नौसैनिक इकाइयों के आचरण को “अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर” बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। भारत ने इस्लामाबाद में भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष विरोध दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
तेज गति से नजदीक आया पाकिस्तानी जहाज
भारतीय अधिकारियों के अनुसार, भारतीय नौसेना का युद्धपोत नियमित निगरानी मिशन पर था, तभी पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज उसके करीब आ गया। भारतीय पक्ष का कहना है कि पाकिस्तानी इकाई ने तेज गति से असुरक्षित तरीके से पैंतरेबाजी की, जिसके चलते दोनों जहाजों में टक्कर हो गई। हालांकि, घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। कुछ मीडिया रिपोर्टों में पाकिस्तानी जहाज की पहचान पीएनएस हुनैन के रूप में की गई है। यह यारमूक श्रेणी का जहाज है। हालांकि, भारतीय विदेश मंत्रालय के सार्वजनिक बयान में टक्कर में शामिल दोनों जहाजों के नामों की पुष्टि नहीं की गई है।
इस्लामाबाद में भी दर्ज कराया जाएगा विरोध
भारत ने इस मामले को केवल नई दिल्ली तक सीमित नहीं रखा है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस्लामाबाद स्थित भारत के प्रभारी राजनयिक को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी तरह का विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज का आचरण भारत और पाकिस्तान के बीच अप्रैल 1991 में हुए सैन्य अभ्यास, पैंतरेबाजी और सैनिक आवाजाही की अग्रिम सूचना से जुड़े समझौते के अनुच्छेद 10 के सीधे उल्लंघन के तौर पर देखा गया है।
भारत ने पाकिस्तानी प्रभारी राजदूत से कहा कि वह संबंधित अधिकारियों तक यह संदेश पहुंचाएं कि सभी सैन्य इकाइयां समुद्र में आवश्यक सावधानी बरतें और दोनों देशों के बीच लागू समझौतों का सम्मान करें।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
