शिवराज कैलाश ही निपटा रहे सरकार को : जीतू ने किया दावा, केन्द्र की आर्थिक नीति पर भी बोला तीखा हमला

भोपाल। ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मप्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। इस दौरान उन्होंने यह भी दावा किया की भाजपा नेता ही सरकार को निपटाने में लगे हैं। जीतू पटवारी ने केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चैहान, कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल के नामों का जिक्र किया।
पटवारी ने दावा किया कि बीजेपी के भीतर ही सरकार के खिलाफ असंतोष खुलकर सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के मंत्री और नेता खुद अपनी सरकार पर माफिया और भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। पटवारी ने उदाहरण देते हुए कहा कि एक मंत्री ने नगर सिंह चैहान को “शराब माफिया” बताया, जबकि चिंतामणि मालवीय को “भूमाफिया” कहा गया। वहीं, हिम्मत सिंह कोठारी ने प्रशासन पर जनता को लूटने का आरोप लगाया और महेंद्र हार्डिया ने महापौर को “चोर” तक कह दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष का काम सवाल उठाना है, लेकिन जब सत्ताधारी दल के नेता ही सरकार पर सवाल खड़े करें तो स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है।
“शिवराज, कैलाश और प्रहलाद सरकार के खिलाफ”
पटवारी ने बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं शिवराज सिंह चैहान, कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल का नाम लेते हुए कहा कि ये नेता ही मोहन सरकार को कमजोर करने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के अंदर सत्ता संघर्ष तेज हो चुका है और सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। पटवारी ने कहा कि नेताओं की आपसी लड़ाई का नुकसान प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
ट्रेड डील और अर्थव्यवस्था पर केंद्र सरकार घिरी
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार कमजोर हो रहा है, लेकिन सरकार जवाब देने को तैयार नहीं है। पटवारी ने आरोप लगाया कि देश की संपत्ति कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के हाथों में पहुंचा दी गई है, जबकि गरीब और ज्यादा गरीब होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह देश का सबसे बड़ा अपमान है।
उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो चुकी है, बेरोजगारी चरम पर है और केंद्र सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। पटवारी ने आरोप लगाया कि महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों में पेट्रोल सस्ता है, लेकिन भारत में जनता से महंगा ईंधन वसूला जा रहा है।
मंत्रियों के अधिकारों पर भी उठाए सवाल
पटवारी ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मंत्रियों के पास कोई वास्तविक अधिकार नहीं बचे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार पहले मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड बनवा रही है, जबकि उन्हें काम करने की स्वतंत्रता ही नहीं दी जा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रियों के पास केवल भ्रष्टाचार और लूट का अधिकार बचा है, जबकि जनता अब सरकार की असली समीक्षा कर रही है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
