बुधवार, 26 अगस्त 202607:01:17 AM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

ऐसी सजा दो की पूरी इंग्लैंड टीम कांप उठे : कार्स नाइट क्लब विवाद पर माइकल वान का सख्त संदेश, जानें क्या है पूरा मामला

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 25, 2026
08:14 AM
कार्स नाइट क्लब विवाद पर माइकल वान का सख्त संदेश, जानें क्या है पूरा मामला

नई दिल्ली। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स के नाइट क्लब विवाद ने टीम के अनुशासन पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। घटना के सामने आने के बाद पूर्व इंग्लिश कप्तान माइकल वॉन ने खिलाड़ियों के लिए बेहद सख्त सजा की मांग की है। उनका कहना है कि अनुशासन तोड़ने वाले खिलाड़ी के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे पूरी टीम को साफ संदेश मिले कि गलत व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वॉन ने कहा कि किसी एक खिलाड़ी को उदाहरण बनाकर सख्त संदेश देना जरूरी है। उनके मुताबिक खिलाड़ियों को यह महसूस होना चाहिए कि टीम की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने या गलत आचरण करने के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

पुलिस ने नाइट क्लब के बाहर पकड़ा

कार्स उस समय डरहम के लिए काउंटी क्रिकेट खेल रहे थे। पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए उन्हें इंग्लैंड की टीम में जगह नहीं मिली थी। इसके बाद वे काउंटी चैंपियनशिप में डरहम की ओर से खेलने लौट गए। डरहम की जीत के बाद एक वीडियो सामने आया, जिसमें कार्स को नाइट क्लब के बाहर पुलिस द्वारा हथकड़ी लगाए हुए देखा गया। रिपोर्टों के मुताबिक उन्हें कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया था। घटना सामने आने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने मामले की जांच शुरू कर दी।

माइकल वॉन ने दी सख्त कार्रवाई की सलाह

वॉन ने कहा कि अगर पिछले कुछ महीनों में हुई घटनाओं को देखते हुए कार्स को जिम्मेदार ठहराया जाता है तो उन्हें इसका दुख होगा, लेकिन टीम के भीतर अनुशासन कायम करने के लिए किसी स्तर पर कड़ा कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने कार्स के समर्थन और मार्गदर्शन की जरूरत पर भी जोर दिया। वॉन का मानना है कि खिलाड़ी के आसपास ऐसे लोग होने चाहिए जो उसे बेहतर सलाह दे सकें और गलत परिस्थितियों से दूर रखें।

इंग्लैंड टीम में नाइट क्लब विवादों की लंबी कड़ी

कार्स का मामला इंग्लैंड क्रिकेट से जुड़े हालिया अनुशासन विवादों की सूची में नया नाम है। पिछले साल व्हाइट-बॉल कप्तान हैरी ब्रूक भी न्यूजीलैंड के वेलिंगटन में नाइट क्लब के बाहर हुई घटना को लेकर चर्चा में रहे थे। वहीं एशेज दौरे के दौरान बेन डकेट का नशे में वीडियो सामने आया था। जून में पूर्व टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन पर टीम कर्फ्यू तोड़ने का मामला भी सामने आया था। इस दौरान लंदन के एक नाइट क्लब में इंग्लैंड के सुरक्षा स्टाफ से जुड़ी घटना भी हुई थी।

पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट से बाहर

ईसीबी ने स्पष्ट किया है कि कार्स गुरुवार से लॉर्ड्स में पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी जगह हैम्पशायर के तेज गेंदबाज सोनी बेकर को टीम में शामिल किया गया है। अब निगाह इस बात पर है कि जांच पूरी होने के बाद कार्स के खिलाफ बोर्ड क्या अंतिम कार्रवाई करता है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें