बुधवार, 4 नवंबर 202607:02:01 AM
Download App
Home/विदेश

गिल का फैसला सही, न्यूजीलैंड 185 पर ढेर : ईडन पार्क में कीवी बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के सामने टेके घुठने, अर्शदीप ने बरपाया कहर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 04, 2026
05:54 AM
ईडन पार्क में कीवी बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के सामने टेके घुठने, अर्शदीप ने बरपाया कहर

ऑकलैंड। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम को महज 185 रन पर समेट दिया। ईडन पार्क में खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों के सामने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बेबस नजर आए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 70 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, गुरनूर बरार ने 3 और अंशुल कंबोज ने 2 विकेट झटके।

गिल का फैसला सही, शुरुआत से ही दबाव में न्यूजीलैंड

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने कप्तान के इस फैसले को सही साबित करते हुए न्यूजीलैंड को शुरुआत से ही दबाव में रखा। कीवी टीम का पहला विकेट 22 रन के स्कोर पर गिरा, जब विल यंग महज 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

इसके बाद न्यूजीलैंड के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। भारतीय गेंदबाजों ने मेजबान टीम को बड़ी साझेदारी बनाने का कोई मौका नहीं दिया। डेवॉन कॉनवे की जगह टीम में शामिल किए गए विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सिफर्ट ने जरूर कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से लगातार समर्थन नहीं मिला।

सिफर्ट और फिलिप्स भी नहीं संभाल सके पारी

न्यूजीलैंड की ओर से टिम सिफर्ट ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। उन्होंने 43 गेंदों की अपनी पारी में 3 चैके और 2 छक्के लगाए। डेरिल मिचेल ने 41 गेंदों पर 28 रन बनाए, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 51 गेंदों का सामना करते हुए 30 रन की पारी खेली। मिचेल को रोहित शर्मा ने शानदार फील्डिंग करते हुए रन आउट किया।

एक समय न्यूजीलैंड की टीम 146 रन पर 9 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। ऐसा लग रहा था कि टीम 150 रन के आसपास ही सिमट जाएगी, लेकिन आखिरी विकेट के लिए ब्लेयर टिकनर और जैकब डफी ने भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया।

टिकनर ने आखिरी विकेट के लिए जोड़े 39 रन

ब्लेयर टिकनर ने निचले क्रम में आकर आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 23 गेंदों पर 34 रन ठोक दिए, जिसमें कई शानदार शॉट शामिल रहे। दूसरे छोर पर जैकब डफी 15 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच आखिरी विकेट के लिए 39 रन की अहम साझेदारी हुई। आखिरकार न्यूजीलैंड की पूरी टीम 40.2 ओवर में 185 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

अंशुल कंबोज की किफायती गेंदबाजी

भारत की ओर से अंशुल कंबोज ने बेहद अनुशासित गेंदबाजी की। उन्होंने 10 ओवर में 2 मेडन डालते हुए सिर्फ 22 रन खर्च किए और 2 विकेट हासिल किए। गुरनूर बरार ने 9.2 ओवर में 44 रन देकर 3 बल्लेबाजों को आउट किया। वहीं, अर्शदीप सिंह ने 10 ओवर में 70 रन देकर 4 विकेट झटके।

अब भारतीय टीम के सामने 186 रन का लक्ष्य है। शानदार गेंदबाजी के बाद भारतीय बल्लेबाजों की कोशिश होगी कि वे इस लक्ष्य को हासिल कर सीरीज में जीत के साथ शुरुआत करें।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें