गुरुवार, 3 सितंबर 202610:01:52 AM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

शिक्षक नहीं तो पढ़ाई कैसे? : मुंगेली में छात्रों का फूटा गुस्सा, नेशनल हाईवे 130A पर किया चक्काजाम

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

Sep 03, 2026
06:42 AM
मुंगेली में छात्रों का फूटा गुस्सा, नेशनल हाईवे 130A पर किया चक्काजाम

प्रीतम दिवाकर : मुंगेली। पथरिया विकासखंड के ग्राम लौदा स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को मोर्चा खोल दिया। लंबे समय से शिक्षकों की नियुक्ति की मांग कर रहे विद्यार्थी अपनी समस्या लेकर कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे थे। जब उन्हें अपेक्षित समाधान नहीं मिला तो आक्रोशित छात्रों ने नेशनल हाईवे 130A पर चक्काजाम कर दिया।

लंबे समय से खाली हैं शिक्षकों के पद

छात्रों का कहना है कि स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों के कई पद रिक्त हैं, जिसके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। हाई और हायर सेकेंडरी स्तर की कक्षाओं में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर वे पहले भी शिक्षा विभाग से शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

जनदर्शन में पहुंचे छात्र, नहीं बनी बात

शिक्षकों की कमी की समस्या को लेकर बड़ी संख्या में छात्र कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देने पहुंचे। यहां शिक्षा विभाग की ओर से जल्द व्यवस्था किए जाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन छात्र इससे संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद विद्यार्थियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कलेक्ट्रेट के सामने स्थित नेशनल हाईवे 130A पर धरना शुरू कर दिया।

छात्रों ने “शिक्षक नहीं तो पढ़ाई कैसे” जैसे नारे लगाते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीएम और जिला शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी और जल्द ही स्कूल में शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।

शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की कमी दूर करने का दिया भरोसा

इसी बीच शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को जल्द पूरा करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में जल्द कदम उठाए जाएंगे। साथ ही शिक्षकों के संलग्नीकरण को लेकर भी सख्ती बरतने की बात कही गई है। मंत्री के मुताबिक, अटैच किए गए शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर वापस भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षकों का वेतन उनके मूल पदस्थापन स्थल से ही भुगतान किया जाएगा, अन्यथा वेतन भुगतान नहीं किया जाएगा।हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये निर्देश पूरे छत्तीसगढ़ के लिए लागू किए गए हैं या फिर विशेष रूप से दंतेवाड़ा और नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के लिए हैं।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें